भाजपा ने केरल में 11 और उम्मीदवार घोषित किये

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम , भाजपा ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 11 उम्मीदवारों की एक नई सूची जारी करते हुए पार्टी के ज़िला अध्यक्ष करमना जयन को तिरुवनंतपुरम से मैदान में उतारा है। नवीनतम सूची के साथ, भाजपा ने नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अब तक 97 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जयन का मुकाबला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे अभिनेता सुधीर करमना और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी
(सीएमपी) एवं संयुक्त लोकतांत्रिक मार्चा (यूडीएफ) नेता सी पी जॉन से होगा। एलडीएफ की सहयोगी पार्टी जनाधिपत्य केरल कांग्रेस (जेकेसी) के मौजूदा विधायक एंटनी राजू को सबूतों से छेड़छाड़ के एक मामले में मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया।
चुनावी रणनीति को मजबूत करने की कोशिश
भाजपा की नई सूची में एक और महत्वपूर्ण नाम व्यवसायी एस राजशेखरन नायर का है, जो नेय्याट्टिनकारा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में भी इसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और माकपा नेता के. अनसलान तथा कांग्रेस नेता आर. सेल्वराज के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार उनका मुकाबला मौजूदा विधायक अनसलान और कांग्रेस उम्मीदवार एन सक्तन से होगा। भाजपा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित चिरायिनकीझू निर्वाचन क्षेत्र से बी. एस. अनूप और चदयामंगलम से आर. एस. अरुण राज को भी मैदान में उतारा है, जो कांग्रेस द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद पार्टी में शामिल हुए थे। राजद छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए टीएन सुरेश कोवलम से चुनाव लड़ेंगे।
अभिनेता विवेक गोपन अरुविक्कारा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2021 में कोल्लम ज़िले के चावरा से चुनाव लड़ा था। रवींद्रनाथ वकत्थानम पुथुप्पल्ली से चुनाव लड़ेंगे, जो कांग्रेस का गढ़ है और जहाँ पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे मौजूदा विधायक चांडी ओमन भी मैदान में हैं।
भाजपा ने पीरुमाडे में वी रथीश, एससी-आरक्षित मवेलिककारा में अजिमोन, एससी-आरक्षित अडूर में पंडालम प्रतापन और चवारा में केआर राजेश को मैदान में उतारा है। ट्वेंटी-20 और बीडीजेएस सहित राजग के अन्य सहयोगी दलों ने भी हाल ही में अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। भाजपा के प्रमुख नेताओं ने नामांकन दाखिल करना शुरू कर दिया है। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 23 मार्च है।(भाषा)
यह भी पढ़े– इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





