‘थैंक्स ए डॉट’ अभियान के तहत स्तन स्वास्थ्य पर सत्र
हैदराबाद, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने अपने स्तन कैंसर जागरूकता अभियान थैंक्स ए डॉट के तहत उस्मानिया यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ साइंस में सत्र का आयोजन किया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं के बीच स्तन स्वास्थ्य पर चर्चा को सामान्य बनाते हुए शुरुआती जांच के प्रति जागरूक करना था।
एसबीआई लाइफ के ब्रांड और सीएसआर प्रमुख रवींद्र शर्मा तथा अपोलो हैदरगुड़ा की ऑन्को सर्जन डॉ. सौम्या ने छात्राओं को स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और सामाजिक वर्जनाओं को तोड़ने के बारे में जानकारी प्रदान की। रवींद्र शर्मा ने बताया कि एसबीआई लाइफ की थैंक्स ए डॉट पहल के माध्यम से हमारा उद्देश्य स्तन कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाना, स्व-जांच के महत्व और शीघ्र निदान को उजागर करना है।
यह भी पढ़ें… उत्कर्ष की नई कार्यकारिणी का गठन, यिन-यांग होगी इस वर्ष की थीम
छोटे बदलावों से निवारक देखभाल में बड़ा असर
साथ ही यह भी बताना है कि व्यवहार में छोटे-छोटे बदलाव निवारक देखभाल में कितना महत्वपूर्ण अंतर ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज स्तर पर ही स्वास्थ्य के प्रति सक्रिय रहने की आदत डालने से भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य और वित्तीय निर्णय लेने में मदद मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि इस पहल के साथ हमारा प्रयास एक ऐसा परिवेश बनाना है, जहाँ स्तन स्वास्थ्य के बारे में बातचीत सुलभ और कलंक मुक्त हो, ताकि महिलाओं को कम उम्र से ही अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने के लिए सशक्त बनाया जा सके।
हमारा लक्ष्य इस पहल को भारत के कोने-कोने में ले जाना है और यह सुनिश्चित करना है कि हर महिला के पास स्व-जांच का कौशल हो। जानकारी देते हुए बताया गया कि इस जागरूकता पहल के तहत एक विशेष किट का उपयोग किया जाता है, जिसमें विभिन्न प्रकार की उभरी हुई आकृतियां होती हैं, जो समझने में मदद करती हैं कि एक साधारण ऊतक और एक संभावित कैंसर वाली गांठ के बीच स्पर्श करने पर क्या अंतर होता है। उस्मानिया यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ साइंस की उप प्रधानाचार्य डॉ. एम. कविता ने भी छात्राओं को अपने स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



