बीआरएस विधायक ने मच्छरदानी पहनकर किया प्रेस को सम्बोधित
हैदराबाद, लोग विरोध प्रदर्शन के लिए नित नये तरीके अपनाते हैं। यदि विरोध प्रदर्शन करने वाला राजनीतिज्ञ हो और परंपरागत तरीके से हटकर कोई अपनी बात रखने के लिए नया तरीका अपनाए, तो चर्चा हो ही जाती है। हैदराबाद में विशेषकर मूसी किनारे के इलाकों में मच्छरों की समस्या को उजागर करने के लिए बीआरएस के विधायक सुधीर रेड्डी ने कुछ ऐसा ही किया। उन्होंने विधानसभा परिसर में मच्छरदानी पहनकर संवाददाताओं के समक्ष मच्छरों से होने वाली परेशानी जाहिर की।
भारत राष्ट्र समिति के एल.बी. नगर विधायक देवीरेड्डी सुधीर रेड्डी ने आज विधानसभा परिसर के मीडिया हॉल में एक अनोखे विरोध प्रदर्शन में मच्छरदानी से बने कपड़े पहनकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में स्थिति इतनी खराब हो गई है कि जैसे ही आप मुँह खोलते हैं, मच्छर अंदर उड़कर चले आते हैं। आम जनता को मजबूरी में असामान्य कदम उठाने पड़ रहे हैं। ऐसा लगता है कि लोगों को बाहर निकलने के लिए अपने लिए मच्छरदानी सिलवानी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें… कालेश्वरम पर संसद में गलत बयान : विनोद कुमार
चेतावनी दी कि देर हुई तो मच्छरों की समस्या और बढ़ सकती है
सुधीर रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार मच्छरों की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने में विफल रही है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत इस मुद्दे पर ध्यान देने की माँग करते हुए कहा कि शहर के हर डिवीजन में कम से कम 10 फॉगिंग मशीनें तैनात की जानी चाहिए, ताकि मच्छरों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और खराब हो सकती है।
सुधीर रेड्डी ने बताया कि मच्छरों की समस्या से हैदराबाद की छवि को नुकसान पहुँच रहा है, खासकर जब शहर खुद को एक वैश्विक निवेश और आईटी हब के रूप में स्थापित कर रहा है, तो मच्छरों की समस्या उसकी नकारात्मक छवि प्रस्तुत कर रही है। शहर में सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों पर बहस तेज हो गई है। नागरिकों द्वारा लगातार मच्छर जनित बीमारियों और कई इलाकों में अपर्याप्त फॉगिंग को लेकर चिंता जताई जा रही है। विशेषकर मूसी के आस पास के इलाकों में यह समस्या काफी गंभीर है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



