मूसी की सफाई के खिलाफ नहीं बीआरएस : हरीश राव
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव ने स्पष्ट किया कि बीआरएस मूसी नदी की सफाई का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि मूसी के नाम पर गरीब व मध्य वर्ग के घरों को ढहाने का विरोध कर रही है।
भारास विधायक दल के उप नेता हरीश राव ने लंगरहाउस स्थित रिट्ज मधु पार्क अपार्टमेंट का दौरा किया और मूसी रीवर फ्रंट डेवलपमेंट के अंतर्गत गांधी सरोवर निर्मित किए जाने की आड़ में मधु पार्क अपार्टमेंट को दिए गए नोटिस को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के लिए विधानसभा के बजट सत्र में अवश्य ही बीआरएस आवाज उठाएगी और सरकार को लताड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को अवश्य ही इस अपार्टमेंट में केवल ईंट, सीमेंट दिखाई दे रहे हैं लेकिन मध्यवर्ग के लिए बैंकों से कर्ज लेकर खून पसीने की कमाई से निर्मित अपने घर का साकार हुआ सपना है।
हरीश राव ने कहा कि केसीआर का मधु पार्क अपार्टमेंट से गहरा लगाव रहा है। यहां तीन बार आ चुके केसीआर ने बीआरएस पार्टी का पॉलिसी डाक्युमेंट इसी अपार्टमेंट में स्थित वार रूम में तैयार किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मूसी की अवश्य ही सफाई करें। केसीआर के निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट परियोजना से गोदावरी जल लाकर मूसी में बहाएँ, बीआरएस को कोई आपत्ति नहीं है।
यह भी पढ़ें… बांसवाड़ा घटना पर विहिप का कड़ा बयान
गरीबों के घरों को ढहाने और मेगा प्रोजेक्ट के विरुद्ध विरोध
हरीश राव ने कहा कि बीआरएस मूसी सफाई के खिलाफ नहीं है बल्कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के जेब भरने किए जा रहे रियल एस्टेट व्यापार के विरुद्ध है। गरीबों के घरों को ढहाकर अडाणी, अंबानी और मेगा कृष्णा रेड्डी के हवाले करने के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में केसीआर सरकार बनेगी तब बिना कोई घर ढहाए मूसी को डेवलप करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक मूसी सफाई के लिए डिटेल्ड प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तक नहीं बनाई है, पर्यावरण अनुमतियां तक नहीं हैं, फुल टैंक लेवल (एफटीएल) तक तय नहीं किया गया है।
कम से कम सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट तक नहीं किया गया है। ऐसे में नोटिस कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का क्या है जुबली हिल्स में 100 करोड रुपये कीमत का पैलेस निर्माण कर लिया है। अब गरीबों को सड़क पर लाकर मेगा कृष्णा रेड्डी के हवाले करने के षड़यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व केसीआर शासन के दौरान मूसी रीवर डेवलपमेंट फ्रंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रहे डी. सुधीर रेड्डी ने मूसी नदी को क्लीन कराके अपार्टमेंट वासियों को मच्छरों की समस्या से मुक्ति दिलाई थी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



