दिल्ली में कैबिनेट की समीक्षा से लोकतंत्र शर्मसार : हरीश राव
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस हाईकमान द्वारा तेलंगाना सरकार की कैबिनेट को दिल्ली बुलाकर समीक्षा किए जाने को देखकर लोकतंत्र भी शर्म से सिर झुका रहा है।
भारास विधायक दल के उपनेता हरीश राव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका वाड्रा गांधी, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, एआईसीसी सदस्य व कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारामय्या को खुला पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता ने वोट देकर जिस कांग्रेस सरकार की स्वतंत्र सरकार को चुना है, वह दिल्ली दरबार में घुटने टेककर तेलंगाना के आत्मगौरव को ठेस पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी ने चुनाव के पहले तेलंगाना आकर जनता से कई वादे करके वोट मांगा, सत्ता में आकर 2 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वादे पूरे नहीं किए गए। तेलंगाना आना तो दूर, कांग्रेस के नेता राज्य सरकार की कैबिनेट को ही दिल्ली में बुलाकर समीक्षा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना के मजबूत नेतृत्व का साक्षी बना बायोएशिया का आयोजन : श्रीधर बाबू
सोनिया गांधी ने वादों के बॉन्ड पेपर पर हस्ताक्षर कर वोट मांगा
हरीश राव ने कहा कि सोनिया गांधी ने वादों के बॉन्ड पेपर पर हस्ताक्षर करके वोट मांगा था। राहुल गांधी ने वरंगल डिक्लेरेशन में किसानों के 2 लाख रुपये तक के एकमुश्त कर्ज माफ करने, बंटाई किसानों को रैतु भरोसा का लाभ देने, किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने, फसल बीमा अमल करने, नरेगा के तहत 12 हजार रुपये देने का वादा किया था।
हरीश राव ने कहा कि प्रियंका गांधी ने सरूरनगर स्टेडियम आकर बेरोजगारों को सत्ता में आते ही पहले ही साल 2 लाख नौकरियां देने, जॉब कैलेंडर जारी करके भर्तियां करने, 18 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा किया था जिसे निभाना तो दूर, वादे पूरे करने की मांग कर रहे युवाओं पर दमनकांड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने चेवेल्ला एससी, एसटी डिक्लेरेशन के तहत एससी एसटी वर्ग को 18 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा करके दगा किया है।
हरीश राव ने कहा कि फीस रीअंबर्समेंट की बकाया राशि अदा नहीं किए जाने से करीब 20 लाख एससी, एसटी व माइनारिटी विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्न चिह्न लग गया है । उन्होंने कहा कि हर दिन कोई न कोई घोटाला सार्वजनिक होने लगा है। कांग्रेस ने तेलंगाना को क्रोनी कैपिटलिज्म (कृपापोषित पूंजीवाद) की राजधानी बनाकर रख दिया है। सारे कांट्रैक्ट अपने सगे संबंधियों व रिश्तेदारों को देकर हजारों करोड़ रुपये जनता के धन को लूटा जा रहा है। हरीश राव ने आगे कहा कि तेलंगाना की जनता का पैसा राष्ट्रीय कांग्रेस की राजनीति पर लुटाया जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



