दलित युवक की निर्मम हत्या के विरोध में निकला कैंडल मार्च
हैदराबाद, राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली पर्व पर गत 4 मार्च के दिन एक नन्हीं बालिका द्वारा तीसरी मंजिल से मुस्लिम समुदाय से संबंधित महिला पर पानी का गुब्बारा फेंकने के बाद समुदाय के लोगों द्वारा परिवार पर हमला करके दलित युवक तरुण काटिका की निर्ममता से हत्या किए जाने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कड़ी निंदा की और जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को कड़ी सजा देने की दिल्ली सरकार से मांग की।
तेलंगाना आरे काटिका संघम, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप), शिव सेना, दलित संघों के अलावा विभिन्न हिन्दू संगठनों ने टैंकबंड स्थित भारत रत्न डॉ. अंबेडकर प्रतिमा के समीप कैंडल मार्च निकाला, जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कल्याण नायक, आरे काटिका संघम पदाधिकारी डी. गोपालजी, पूर्व उप महापौर जी. सुभाषचंदर, विहिप नेता पगुडाकुला बाला स्वामी, शिवसेना नेता शिवाजी, भाजपा दलित मोर्चा नेता एम. चंद्रशेखर, अशोक सेन के अलावा बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने दिवंगत तरुण काटिका को श्रद्धांजलि दी।
यह भी पढ़ें… सरकारी विभाग अब केवल इलेक्ट्रिक वाहन ही खरीदेंगे, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
तरुण की हत्या पर रामचंदर राव ने जताया शोक
अपने संबोधन में रामचंदर राव ने तरुण की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि होली पर नन्हीं बालिका द्वारा महिला पर पानी का गुब्बारा फेंकने पर जिहादी मानसिकता से प्रेरित वर्ग के गिरोह ने इस प्रकार निर्मम हत्या को अंजाम दे दिया। उन्होंने कांग्रेस व इंडी गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि किसी एक वर्ग विशेष पर हमला होने पर हाय तौबा मचाने वाली कांग्रेस और इंडी गठबंधन हिन्दू युवक की हत्या पर क्यों मौन हैं?
रामचंदर राव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी को समान अधिकार देने वाले देश में तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस सेलेक्टिव प्रतिक्रिया देती आई है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में हिन्दुओं पर कहीं भी हमले हों, हिन्दू समाज न जाने क्यों मौन है, क्यों निंदा करने में संकोच करते हुए आगे नहीं आ रहा है? उन्होंने सभी को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि निर्मम हत्या की सभी को निंदा करनी होगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार पर दबाव बनाना होगा। उन्होंने कहा कि तथाकथित धर्मनिरपेक्षता वादी भी इस मुद्दे पर मौन हैं। उन्हें अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को प्रोत्साहन न मिले।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



