ऑनलाइन बेटिंग के लिए वृद्ध महिलाओं की हत्या करने वाला कार चालक गिरफ्तार
हैदराबाद, फिल्मनगर पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग की लत के चलते लूटपाट के उद्देश्य से दो वृद्ध महिलाओं का अपहरण कर उनकी हत्या करने वाले कार चालक कूना साई वासु (29) को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंध्र-प्रदेश के कृष्णा ज़िला, चेन्नागोल्लापालेम ग्राम निवासी कूना साई वासु कुछ वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया। वह फिल्मनगर में रहते हुए कार चालक के रूप में कार्यरत था।
कुछ दिन से वह ऑनलाइन बेटिंग की लत का शिकार हो गया था। इसमें काफी पैसा गँवाने के बाद भी वह इस लत को नहीं छोड़ पाया। ऑनलाइन बेटिंग के लिए वह वृद्ध महिलाओं को लूटपाट के उद्देश्य से टार्गेट कर रहा था। मार्च माह के दौरान उसने दो महिलाओं का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी और उनके शरीर पर से सोने के आभूषण लूट लिए। फिल्मनगर पुलिस ने आज उसे गिरफ्तार किया, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने 239 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा
आरोपी वासु ने वृद्ध महिलाओं की हत्या और लूटपाट कबूल की
पुलिस की पूछताछ के दौरान वासु ने दो वृद्ध महिलाओं की लूटपाट के उद्देश्य से नृशंस हत्या करने का अपना अपराध स्वीकार लिया। गत 13-14 मार्च की रात को उसने जुबली हिल्स रोड नं. 46 निवासी सी. मंगम्मा (56) का अपहरण कर लिया। उसे अपनी कार में ले जाकर मोकिला नारसिंगी थाना परिधि के बीच सुनसान इलाके में उसकी हत्या कर सोने के आभूषण लूट लिए। गत 15 मार्च को मंगम्मा के पुत्र सी. साई बाबू (32) ने थाने में शिकायत की।
उसने बताया कि पहले वह मस्तान नगर, रोड नं. 46, जुबली हिल्स में अपनी माँ मंगम्मा के साथ रहता था, लेकिन पिछले 6 माह से नौकरी के सिलसिले में वह लक्ष्मीनगर, कोमपल्ली में रह रहा था। उसकी माँ मंगम्मा लांड्री में कार्यरत थी। वह 14 मार्च को सुबह नौकरी के लिए घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। साई बाबू ने अपनी माँ को कई बार फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की। पुलिस ने मस्तान नगर से लेकर मंगम्मा जिस लांड्री में काम करती थी, रोड नं. 63/ए जुबली हिल्स तक लगे सीसी टीवी कैमरों की छानबीन की।
इस छानबीन के दौरान पुलिस ने मंगम्मा को वासु के साथ जाते हुए देखा। दोनों की तलाश के लिए विशेष पुलिस दल का गठन कर इस दल को आंध्र-प्रदेश भेजा। इसी प्रकार वासु ने यादम्मा नामक एक और 60 वर्षीय वृद्ध महिला का अपहरण कर लिया। उसे अपनी कार में शहर के सीमावर्ती इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर सोने के आभूषण लूट लिए। वासु को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मंगम्मा और यादम्मा के शव बरामद किए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



