सीसीएमबी में डॉ. पी. एम. भार्गव जयंती पर प्रो. बालासुब्रमणियन का सम्मान
हैदराबाद, सीएसआईआर कोशिकीय एवं आणविक जीवविज्ञान केंद्र (सीसीएमबी) ने अपने संस्थापक निदेशक डॉ. पी. एम. भार्गव की जयंती के अवसर पर 10वाँ स्थापना दिवस मनाया। इस वर्ष सीसीएमबी ने अपने पूर्व छात्र संगठन के साथ मिलकर संस्थान में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रो. डी. बालासुब्रमणियन का सम्मान किया।
यहाँ जारी विज्ञप्ति के अनसार, प्रो. डी. बालासुब्रमणियन ने 1982 से 1998 तक संस्थान में फैकल्टी सदस्य एवं निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब डॉ. भार्गव को सीसीएमबी को जीवविज्ञान के एक स्वतंत्र राष्ट्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला के रूप में स्थापित करने की अनुमति मिली, तब प्रो. बालासुब्रमणियन को वरिष्ठ नेतृत्व के रूप में उपनिदेशक के पद पर नियुक्त किया गया। सीसीएमबी के निदेशक डॉ. विनय के. नंदिकूरी ने उनका सम्मान करते हुए कहा कि सीसीएमबी एक ऐसे स्थान के रूप में परिकल्पित और विकसित किया गया, जहाँ विचारों और विचारकों को प्रोत्साहित किया जाए। इसमें प्रो. बालासुब्रमणियन जैसे वरिष्ठ वैज्ञानिकों का बड़ा योगदान रहा है।
यह भी पढ़ें… राजस्थानी स्नातक संघ में युवा साथी कोऑप्ट की घोषणा
कार्यक्रम में प्रो. बालासुब्रमणियन ने सीसीएमबी में बिताए अपने समय को याद किया और संस्थान में विज्ञान व कला के सह-अस्तित्व की संस्कृति पर बल दिया। अवसर पर वक्ताओं ने स्मरण किया कि प्रो. बालासुब्रमणियन ने सीसीएमबी में अपनी भूमिकाओं से आगे बढ़कर विज्ञान की एक विशिष्ट संस्कृति का निर्माण किया। उन्होंने एलवीपीईआई जैसे अस्पताल में अनुसंधान की मजबूत धारा विकसित की। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए प्रारंभ हुए मनोविकास केंद्र से उनका जुड़ाव रहा और वे विज्ञान संचार के प्रति सतत प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



