मुख्यमंत्री रैतु बंधु हेतु निधियाँ आवंटित करें : महेश्वर रेड्डी
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता ए. महेश्वर रेड्डी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार से कल होने वाली कैबिनेट बैठक में रैतु बंधु योजना के लिए निधियाँ आवंटित करने के साथ ही महिलाओं को पेंशन, फीस रीअंबर्समेंट तथा सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृति लाभ तथा कर्मचारियों के लंबित डीए आदि के लिए भी निधियां आबंटित करने की मांग की।
भाजपा विधायक दल के नेता महेश्वर रेड्डी ने अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए कामारेड्डी भाजपा विधायक काटेपल्ली वेंकटरमणा के आवास पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से भाजपाईयों को हाउज अरेस्ट कर सरकार अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व केसीआर सरकार के निरंकुश शासन की तर्ज पर वर्तमान रेवंत सरकार में भी लोकतंत्र की धज्जियाँ उड़ाकर विपक्ष का गला घोंटा जा रहा है ।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में राउडी राज : बंडी संजय
गृह मंत्री न होने से राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ी
महेश्वर रेड्डी ने कहा कि गृह मंत्री नहीं होने के कारण राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है, इसलिए मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार अलोकतांत्रिक व्यवहार करने पर उतर आई है। उन्होंने बांसवाड़ा में निजी सुपरमार्केट में महिला द्वारा भजन सुनने पर मुसलमान व्यक्ति द्वारा आपत्ति जताए जाने की घटना की ओर इशारा करते हुए कहा कि बांसवाडा में भी भाजपाईयों को गिरफ्तार करके केस दर्ज किए जा रहे हैं, जो निंदनीय है।
महेश्वर रेड्डी ने सरकार पर रैतु बंधु के नाम पर बैंक से इसी महीने की 10 तारीख को 9 हजार करोड़ रूपये ले कर वह पैसा ठेकेदारों को देकर कमीशन खाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि यह पैसा केरल, तमिलनाडू, आसाम व पश्चिम बंगाल चुनाव हेतु दिल्ली में कांग्रेस को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अब तक रेवंत रेड्डी सरकार ने बैंकों से एफआरबीएस की सीमा पार करके 81 करोड़ रूपये कर्ज लिया है । उन्होंने रेवंत रेड्डी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि म्युनिसिपल चुनाव में जीत का दावा ठोक रहे मुख्यमंत्री जेडपीटीसी व एमपीटीसी चुनाव में इसे साबित करके दिखाएँ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



