मुख्य सचिव ने की अलाइव अराइव की प्रगति की समीक्षा

हैदराबाद, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि राज्य में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए जिला स्तर पर परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएँ।

मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर प्रजा पालना प्रगति कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यक्रम अलाइव अराइव की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए जाने के बावजूद दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने इसके लिए वाहनों की तेज़ी से बढ़ती संख्या, बेहतर सड़क ढाँचे के कारण बढ़ी गति, पर्याप्त ड्राइवर प्रशिक्षण की कमी, ओवरस्पीडिंग और लापरवाह ड्राइविंग को जिम्मेदार ठहराया।

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार नवाचारी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित कर एक सप्ताह चलने वाले अलाइव अराइव कार्यक्रम की प्रभावी योजना और क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर भी जोर दिया, ताकि व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो।

यह कार्यक्रम राज्यभर में आगामी 13 से 18 अप्रैल तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य जनता में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उत्तरदायी सड़क उपयोग को बढ़ावा देना है। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता समन्वित प्रयासों, जनभागीदारी और सतत जागरूकता अभियानों पर निर्भर करेगी, जिसका अंतिम लक्ष्य लोगों की जान बचाना और राज्य की सड़कों को सुरक्षित बनाना है।

यह भी पढ़ें… पारिवारिक बच्चों को अनाथ बताकर निधियाँ प्राप्त करना अनुचित : हाईकोर्ट

पैदल यात्री और दोपहिया चालक सबसे अधिक प्रभावित

पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी ने कहा कि यह कार्यक्रम कोई औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों के समन्वय से चलाया जा रहा व्यापक अभियान है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में पैदल यात्री और दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, इसलिए इनके लिए विशेष जागरूकता अभियान की आवश्यकता है। उन्होंने पिछले तीन माह में सड़क सुरक्षा उपायों में हुई प्रगति का उल्लेख किया।

13 अप्रैल को ग्राम स्तर पर सड़क सुरक्षा समितियों का गठन होगा। 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं के पास सड़क सुरक्षा शपथ ली जाएगी। 15 अप्रैल को चिल्ड्रन रोड सेफ्टी डे के रूप में बच्चों के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें चार वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए सीट बेल्ट के महत्व पर जोर दिया जाएगा। 16 अप्रैल को सरकारी कर्मचारियों के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट उपयोग को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान तथा सोशल मीडिया पर जागरूकता संदेश साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

17 अप्रैल को दुर्घटना के बाद त्वरित उपचार में सुधार के लिए गोल्डन आवर आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 18 अप्रैल को यातायात नियम उल्लंघन करने वालों के लिए काउंसलिंग सत्र आयोजित किया जाएगा, ताकि व्यवहार में बदलाव और नियमों का पालन सुनिश्चित हो। वीडियो कॉन्फ्रेंस में विशेष मुख्य सचिव विकास राज, प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) क्रिस्टिना जोंगथु, सचिव (योजना) गौरव उप्पल, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, सीआईपीआर प्रियंका, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button