सिनेमा सबसे शक्तिशाली हथियार : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि सिनेमा सबसे शक्तिशाली हथियार है। सिनेमा को समाज को एजुकेट करने के एक उपकरण की तरह इस्तेमाल किया जाना चाहिए। सामाजिक समस्याओं को सुलझाने के लिए सिनेमा के ज़रिए संदेश दिया जाए। हाईटेक्स में गद्दर फिल्म पुरस्कार समारोह भव्य रूप से आयोजित र्किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम रेवंत रेड्डी ने भाग लिया। उन्होंने विजेताओं को गद्दर फिल्म पुरस्कार प्रदान किए।







अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हैदराबाद को ग्लोबल फिल्म हब बनाने की कोशिश कर रही है। इसलिए हमारी सरकार ने तेलंगाना गद्दर फिल्म अवॉर्ड्स देना अपनी ज़िम्मेदारी समझी। हैदराबाद सिर्फ आईटी हब और बिरयानी नहीं है, यह सिनेमा हब है। एनटीआर, एनआरआई, रामा नायुडू और कृष्णा फिल्म उद्योग को ऊँचे स्तर पर ले गए। रामोजी राव ने फिल्म सिटी बनाई और हैदराबाद में फिल्म उद्योग के विकास के लिए काम किया।
प्रभाकर रेड्डी ने फिल्म मजदूरों के लिए अपनी जगह दी। सीएम ने कहा कि दासरी नारायण राव को याद करना ज़रूरी है, जो उस समय फिल्म उद्योग की किसी भी समस्या को सुलझाने में सबसे आगे रहते थे। हाल ही में नेटफ्लिक्स ने हैदराबाद में अपनी कंपनी शुरू की है। नेटफ्लिक्स का आना हैदराबाद में हॉलीवुड के आने जैसा है। अपने सम्बोधन में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि तेलुगु फिल्म उद्योग हॉलीवुड स्तर पर पहुँच गया है। उन्होंने याद दिलाया कि तेलुगु में रिलीज हुई कई संदेशात्मक फिल्मों ने लोगों को बदलाव का रास्ता दिखाया।
यह भी पढ़ें… सज्जनार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ किया एच-फास्ट का गठन
गद्दर को तेलंगाना की आत्मा बताकर सम्मान
भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि गद्दर वह महान इंसान थे, जिन्होंने दुनिया को तेलंगाना की आत्मा से मिलवाया। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर पुरस्कार देने का मतलब दुनिया को तेलंगाना सरकार की सोच बताना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गद्दर फिल्म पुरस्कारों को फिर से शुरू किया है, ताकि तेलुगु सिनेमा सिर्फ तेलंगाना तक ही सीमित न रहे। उन्होंने कहा कि पिछले शासकों ने 10 साल तक फिल्म पुरस्कार ही नहीं दिये।
कार्यक्रम में मशहूर अभिनेता चिरंजीवी, कमल हासन, नागार्जुन, मुरली मोहन, माधुरी दीक्षित और कई फिल्मी प्रमुखों ने भाग लिया। ज्ञातव्य है कि हाल में राज्य सरकार ने 2025 के लिए गद्दर फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। विशेष पुरस्कार श्रेणी में प्रमुख अभिनेता चिरंजीवी को एनटीआर राष्ट्रीय पुरस्कार, कमल हासन को पैडी जयराज पुरस्कार, जयसुधा को अक्किनेनी फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार राजू वेड्स रामबाई को, सर्वश्रेष्ठ द्वितीय फिल्म का पुरस्कार दंडोरा को, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार नाग चैतन्या (तंडेल) को, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार रश्मिका (द गर्लफ्रेंड) को, सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार मार्क के. रॉबिन (दंडोरा) को, सर्वश्रेष्ठ गायक का पुरस्कार अनुराग कुलकर्णी (राजू वेड्स रामाबाई) को, सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार साहिति (कन्नप्पा) को मिला।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





