दसवीं की परीक्षा भविष्य की नींव : पोन्नम प्रभाकर
हैदराबाद, परिवहन तथा बीसी कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने आज दसवीं के छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि वह मानसिक तनाव और भय को एक तरफ रखकर पूर्ण आत्मविश्वास तथा दृढ संकल्प के साथ एसएससी पब्लिक परीक्षा में भाग लें। उन्होंने कहा कि दसवीं कक्षा की परीक्षा सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि यह पहला बड़ा कदम है, जो भविष्य की नींव रखता है।
मार्च में आयोजित होने वाली तेलंगाना एसएससी पब्लिक परीक्षा के परिप्रेक्ष्य में आज स्टेनली गर्ल्स हाई स्कूल सभागार में शिक्षा विभाग और संकल्प फाउंडेशन द्वारा 10वीं कक्षा की परीक्षाओं की तैयारी पर प्रेरक तथा मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तेलंगाना के परिवहन तथा बीसी कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर थे। अवसर पर हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी उपस्थित थीं।
मंत्री ने कहा कि दसवीं की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इस प्रकार के प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय है। इस प्रकार के आयोजन छात्रों को मानसिक तनाव तथा परीक्षा के भय को दूर करने में सहायक होते हैं। पोन्नम प्रभाकर ने दसवीं कक्षा छात्रों के जीवन में एक महत्वपूर्ण कदम है। छात्रों को पूरे मनोयोग के साथ अध्ययन करना चाहिए। किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए अभ्यास बहुत महत्वपूर्ण है।
जैसे-जैसे परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है, सभी छात्रों को पाठ्यक्रम के पुनरावलोकन पर अधिक से अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए बेहतर परिणाम लाने का संकल्प लेना चाहिए। छात्रों को सफलता के सूत्र देते हुए पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि प्रतिदिन समय सारणी के अनुसार अध्ययन कर महत्वपूर्ण बिंदुओं को दोहराना चाहिए। परीक्षा अवधि के दौरान टीवी, दोस्तों आदि से दूर रहते हुए गंभीरता के साथ दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन को एकमात्र लक्ष्य मानना चाहिए।
यह भी पढ़ें… अगला नंबर अर्बन नक्सलियों का : रामचंदर राव
परीक्षा में घबराहट से बचकर प्रश्न-पत्र ध्यानपूर्वक पढ़ें
परीक्षा के दौरान बिना घबराए पहले प्रश्न-पत्र को अच्छी तरह पढ़ना चाहिए। सबसे पहले उन उत्तरों को लिखना चाहिए, जो आसानी से समझ में आते हैं। हालाँकि कठिन सवालों पर भी एकाग्रता से ध्यान केंद्रित करने पर उत्तर मिल जाते हैं। उन्होंने छात्रों को परीक्षाओं को लेकर चिंता न करने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने, पर्याप्त नींद लेने और सही खान-पान अपनाने की सलाह दी।
पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि शिक्षा की उपेक्षा कहीं भी नहीं होनी चाहिए। माता-पिता की उम्मीदें, शिक्षकों का मार्गदर्शन और स्वयं की कड़ी मेहनत सफलता की ओर ले जाती हैं। इसलिए हर एक छात्र को प्रतिबद्धता के साथ पढ़ाई कर सभी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए समाज के लिए आदर्श के रूप में उभरने का प्रयास करना चाहिए। 14 मार्च से 16 अप्रैल तक आयोजित होने वाली 10वीं की परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि परीक्षा में अच्छे परिणाम प्राप्त करने से अंतत स्वयं का आत्मविश्वास बढ़ता है, जो भविष्य में उच्च लक्ष्यों की अग्रसर होने के लिए सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अवसर पर हैदराबाद डीईओ आर. रोहिणी, युवा खिलाड़ी नैना जायसवाल, संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रेरक वक्ता, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



