सीएम ने दिया एमएमटीएस सेवाओं को यात्री अनुकूल बनाने का आदेश
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि हैदराबाद के कोर अर्बन रीजन में एमएमटीएस ट्रेन सेवाओं को मजबूत कर यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप नेटवर्क का विकास किया जाए। मुख्यमंत्री ने विधान परिषद हॉल में आयोजित बैठक में एमएमटीएस सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से हाल के समय में एमएमटीएस सेवाओं का उपयोग करने वाले यात्रियों की घटती संख्या के बारे में जानकारी ली।

रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीक ऑफिस समय के दौरान एमएमटीएस ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर सेवाओं को समय पर संचालित किया जाए। जब अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कई एमएमटीएस स्टेशन मुख्य सड़कों से दूर हैं और वहाँ तक सीधी आरटीसी बस सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए मिनी बस सेवाएँ चलाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए, ताकि अंतिम चरण (लास्ट माइल) की कनेक्टिविटी बेहतर हो।
एमएमटीएस सुधार पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिया निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी एमएमटीएस स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। अच्छी सुविधाएँ मिलने पर ही यात्री एमएमटीएस सेवाओं को अपनाएँगे। एमएमटीएस सेवाओं से होने वाली आय की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने राजस्व को बढ़ाने पर जोर दिया।

अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि यात्रियों की संख्या बढ़ाने, सुविधाओं में सुधार करने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। समीक्षा बैठक में परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव, नागरिक प्रशासन विभाग के विशेष सचिव जयेश रंजन, आरएंडबी सचिव विकास राज, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अजित रेड्डी, सचिव माणिक राज, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, हम्टा के प्रबंध निदेशक जीवन बाबू, दक्षिण मध्य रेलवे के डीसीएम चरण नाइक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



