पेट्रो उत्पादों की आपूर्ति पर समिति : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति की समीक्षा करने के लिए राज्य सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति समय-समय पर स्थिति पर नजर रख रही है। पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की गई वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंस में रेवंत रेड्डी ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई मुद्दे प्रधानमंत्री के समक्ष रखे।
सीएम ने बताया कि सरकार के सीएस के नेतृत्व वाली समिति हैदराबाद में कमांड कंट्रोल सेंटर से लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति, पेट्रोल और डीजल की बिक्री व ब्लैक मार्केट को रोकने के लिए सभी 33 जिलों में नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में समितियाँ बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर अस्पतालों, स्कूलों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में प्राथमिकता के आधार पर भेजे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें… कविता की तेलंगाना जागृति का राजनीतिक पार्टी में रूपांतरण 25 को
हर पेट्रोल बंक के स्टॉक और खपत पर कड़ी निगरानी
अधिकारी हर पेट्रोल बंक में स्टॉक और खपत पर लगातार नजर रख रहे हैं। आम दिनों में तेलंगाना में हर दिन 36,189 किलो लीटर पेट्रोल और डीजल की खपत होती है और अभी 1,88,210 किलो लीटर पेट्रोल और डीजल का रिजर्व है। उन्होंने बताया कि जो लोग सोशल मीडिया पर पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी के बारे में गलतफहमियाँ और पैनिक फैलाने वाले पोस्ट करते है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में कोयला, तेल और गैस पर निर्भरता कम करके हम इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी प्रकार अक्षय ऊर्जा का उत्पादन भी बढ़ाया जा रहा है। इसीके तहत राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों पर शत प्रतिशत रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस माफ कर दी गयी है।
राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण और बैटरी इकोसिस्टम को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद शहर में 1.20 लाख से ज़्यादा पेट्रोल और डीजल ऑटो को रेट्रोफिटिंग के ज़रिए ईवी में बदलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अब से आरटीसी में सभी ईवी बसें इस्तेमाल होंगी। इस बैठक में मुख्य सचिव रामकृष्ण राव और सीएम के प्रधान सचिव शेषाद्रि ने भी हिस्सा लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



