941 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण : कोमटि रेड्डी वेंकट रेड्डी
हैदराबाद, सड़क व भवन मंत्री कोमटि रेड्डी वेंकट रेड्डी ने विधानसभा में बताया कि हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात समस्या निवारण के लिए 941 करोड़ रुपये की लागत से एल.बी. नगर से हयातनगर तक 5.5 किलोमीटर के 8 लेन वाले डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार को दिया गया है।


विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कसिरेड्डी नारायण रेड्डी व अन्य सदस्यों द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब देते हुए मंत्री कोमटि रेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छह माह में इस डबल डेकर फ्लाईओवर से संबंधित टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य आरंभ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देगी। उन्होंने कहा कि डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद दो तीन घंटों में हैदराबाद से विजयवाड़ा पहुँच सकते है।
मंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव वर्ष 2026-27 के केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्रालय की वार्षिक योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस डबल डेकर फ्लाईओवर से एल.बी. नगर से हायतनगर मार्ग को दोनों तरफ स्थित 60 से 70 कॉलोनियों के लगभग 10 से 12 लाख निवासियों को लाभ होगा। इस परियोजना में त्रिस्तरीय ढाँचे का प्रस्ताव है। सबसे नीचे सर्विस रोड, बीच में हाईवे यातायात और सबसे ऊपर मेट्रो रेल लाइन होगी। उन्होंने बताया कि एल.बी. नगर- मल्कापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-65 का छह लेन निर्माण कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
यह भी पढ़ें… ब्लू स्टार ने हैदराबाद में लांच किये नए रूम एयर कंडीशनर
13 हजार करोड़ से चार लेन सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
मंत्री ने बताया कि हैदराबाद-मुंबई मार्ग में मदीनागुड़ा से बीएचईएल तक 1.2 किलोमीटर लंबाई डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा मंत्री ने बताया कि 13 हजार करोड़ की लागत से राज्य में 6 हजार किलोमीटर लंबाई वाले चार लेन सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (हैम) के तहत टेंडर आमंत्रित किया गया है। कुल 441 परियोजनाओं को 34 पैकेजों में विभाजित किया गया है। इसी प्रकार 6 हजार करोड़ रुपये खर्च करते हुए पंचायत राज रोड़ नेटवर्क को मजबूत कर रहे हैं।
विधायक कसिरेड्डी नारायण रेड्डी ने बताया कि एल.बी. नगर से हयातनगर मार्ग में रामोजी फिल्म सिटी के बाद अधिक यातायात के कारण कई सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने जनता की सुविधा के लिए वहाँ फुट ओवर ब्रिजों के निर्माण की अपील की। उन्होंने तुक्कुगुड़ा से श्रीशैलम जाने वाले मार्ग में सड़क दुर्घटनाएँ होने की जानकारी देते हुए सरकार से इस मार्ग को छह लेन में विस्तार करने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



