प्रमुख गायिका मंगिली व अन्य के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज
हैदराबाद, प्रमुख तेलुगु फिल्म गायिका मंगिली उर्फ सत्यवती, उसके भाई व अन्य कुछ लोगों के खिलाफ पंजागुट्टा थाना परिधि में आपराधिक मामले दर्ज किए गए। विजयपुरी कॉलोनी, तारनाका निवासी अधिवक्ता सिंगापोगु सुब्बा राव की शिकायत पर पंजागुट्टा पुलिस ने रमावत मधु, पॉल उर्फ भरत चौहान, पॉल उर्फ शैलजा चौहान, शिवा (मंगिली का भाई) और मंगिली के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 352 क तहत मामले दर्ज किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुब्बा राव ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके क्लाइंट हेमाकांत रेड्डी, मधुसूदन रेड्डी और तिरुमल से आरोपियों ने संपर्क किया और इन तीनों से माइक्रो फायनांस और रियल इस्टेट के व्यापार में भारी मुनाफा देने का आश्वासन देकर 9.5 से 10 करोड़ रुपये का पूँजी निवेश करवाया। यह पूँजी निवेश गोकुलानंदना इफ्रा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के तहत करवाया गया।
इसके अलावा आरोपियों ने इसी प्रकार मुनाफे का झाँसा देकर अन्य 100 से 150 लोगों से भी बड़े पैमाने पर पैसा वसूला। इसके बाद आरोपी फरार हो गए और अपने सेलफोन बंद कर लिए। अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि एक प्रमुख संगीतकार के जरिए उन्होंने इस मामले को लेकर मंगिली से संपर्क किया। संपर्क करने पर मंगिली ने उनके साथ असभ्य व्यवहार किया और इस मामले से उसका और उसके भाई का नाम हटाने के लिए दबाव डाला और पैसे देने की भी पेशकश की।
उनके न मानने पर मंगिली ने अपनी पहुँच के आधार पर कुछ राजनीतिक नेताओं व अन्य असामाजिक तत्वों से उन्हें धमकाया। इस मामले को लेकर बातचीत के लिए फिल्म निदेशक वेणु उडुगुला और अधिवक्ता पुजारी नागेश्वर राव ने उन्हें बुलाया। पंजागुट्टा स्थित पुजारी नागेश्वर राव के कार्यालय में बातचीत के दौरान मंगिली और उसके भाई ने मामला वापस लेने के लिए डराया-धमकाया।
मंगिली ने किया आरोपों का खंडन
तेलुगु फिल्म गायिका मंगिली ने अधिवक्ता सुब्बा राव द्वारा उस पर और उसके भाई पर वित्तीय घोटाले को लेकर लगाए गए आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि सुब्बा राव उन्हें बदनाम करने के लिए उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले से उनका और उनके भाई का कोई लेना-देना नहीं है। मंगिली ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो का भी खंडन किया, जिसमें मंगिली के घर में नोटों के बंडल दिखाए गए थे।
मंगिली ने कहा कि वीडियो में जो पैसा दिखाया गया, वह पैसा उनका नहीं है। झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने पर वह खामोश नहीं बैठेगी और इसके खिलाफ कानून लड़ाई लड़ेगी। मंगिली ने उल्टे सुब्बा राव पर उनके साथ असभ्य व्यवहार करने और झूठे आरोप लगाने का हवाला देते हुए नारसिंगी पुलिस में शिकायत की। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस बीएनएस की धारा 351(2) और 351 के तहत मामले दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



