टी-हब में मनाया गया साइबराबाद पुलिस का स्थापना दिवस
हैदराबाद, साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के 24वें स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को टी-हब में एक खास यादगार कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने भाग लेते हुए साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के गठन से लेकर वर्तमान समय तक पुलिस आयुक्त के रूप में सेवा देने वाले आईपीएस अधिकारियों का वर्तमान पुलिस आयुक्त डॉ. एम. रमेश के साथ मिलकर कर सम्मान किया।

सम्मान प्राप्त करने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. एम. महेंद्र रेड्डी, एस. प्रभाकर रेड्डी, द्वारका तिरूमल राव, वी. नवीन चंद्रा, संदीप शांडिल्य और वर्तमान विशेष गृह सचिव सी.वी आनंद शामिल हैं। सम्मान प्राप्त करने वाले सभी आईपीएस अधिकारियों ने साइबराबाद के पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए अपने अनुभव साझा किये और आयुक्तालय के विकास के सफर को याद किया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद से राष्ट्रीय बाज़ार में लांच हुआ ई-ऑटो महिंद्रा उड़ो
लोगों से नजदीकी और पारदर्शिता असरदार पुलिसिंग की ताकत
इस मौके पर पूर्व आयुक्तों ने कहा कि साइबराबाद पुलिस ने तेजी से विकसित हो रहे शहर की जरूरतों के हिसाब से टेक्नोलॉजी-बेस्ड मॉडर्न पुलिसिंग लागू कर खास पहचान हासिल की है। उन्होंने कहा कि लोगों से नज़दीकी, ट्रांसपेरेंसी और तेज सर्विस ही असरदार पुलिसिंग की ताकत हैं।
पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी ने कहा कि साइबराबाद में काम करने वाले अधिकारियों ने अपनी मजबूत कार्य क्षमता और प्रभावशाली निर्णयों से आयुक्तालय को तेलंगाना पुलिस विभाग में एक खास जगह दिलाई है और साइबराबाद पुलिसिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना इसका सबूत है। पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. महेंद्र रेड्डी ने याद किया कि मेट्रोपॉलिटन एक्ट 2003 के तहत आयुक्तालय की स्थापना के साथ मॉडर्न पुलिसिंग की एक मजबूत नींव रखी गई थी।
साइबराबाद पुलिस आयुक्त डॉ. एम. रमेश ने कहा कि इंडस्ट्रीज़ के साथ कोऑर्डिनेशन, साइबर सिक्योरिटी को मजबूत करने और आईटी हब के तौर पर विकसित हुए साइबराबाद इलाके में तकनीक के इस्तेमाल से पब्लिक सर्विस को और असरदार तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में साइबराबाद पुलिस के इतिहास, बड़ी उपलब्धियों और प्राथमिकता वाले कार्यों को दर्शाने वाला एक स्पेशल स्लाइड शो दिखाया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



