दिल्ली सरकार सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध : रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार सफाईकर्मियों की समस्याओं के समाधान की खातिर ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और इस दौरान प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मामलों की समीक्षा करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का संबंधित विभाग को निर्देश दिया। बयान में कहा गया है कि समुदाय के समक्ष जमीनी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए, प्रतिनिधियों ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती और उन्हें नियमित करने के साथ-साथ कार्यस्थल सुरक्षा, वेतन संबंधी समस्याओं और अन्य सेवा शर्तों की मांग उठाई। इसके मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाव भी दिए, जिसमें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्थायी रोजगार और उनके काम की प्रकृति के अनुरूप अधिक सम्मानजनक कार्य वातावरण की मांग की गई।
यह भी पढे़: पालम अग्निकांड : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनुग्रह राशि की घोषणा की
वहीं, मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मचारियों का निस्वार्थ भाव से किया गया योगदान अत्यंत सराहनीय है। यह सेवा का एक सतत संकल्प है, जो हर दिन दिल्ली के जीवन को सुगम बनाता है। गुप्ता ने कहा कि उनकी हर बात को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और सभी मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर सफाई कर्मचारी को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलें, क्योंकि उनके श्रम और समर्पण से ही दिल्ली आगे बढ़ती है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



