दिल्ली : ऊंटों के जरिए शराब की तस्करी का भंडाफोड़, 1 गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने ऊंटों का इस्तेमाल कर हरियाणा से जंगल के रास्ते दक्षिण दिल्ली में शराब की कथित रूप से तस्करी करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विनोद भड़ाना (48) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद का निवासी है। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली और फरीदाबाद को जोड़ने वाली सड़कों पर जांच स्थलों से बचने के लिए गैर-पारंपरिक रास्तों से शराब की तस्करी के बारे में पुलिस को मिली विशिष्ट सूचनाओं के बाद उसे संगम विहार वन क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि सूचना के आधार पर एक टीम ने सोमवार तड़के जाल बिछाया। आरोपी को दो ऊंटों का इस्तेमाल कर अवैध शराब ले जाते पकड़ लिया गया। जांच करने पर पुलिस ने उसके पास से अवैध शराब के 39 कार्टन बरामद किए। उन्होंने बताया कि ऊंटों को मुक्त करा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
यह भी पढे़: नारायणगुड़ा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.5 किलो जब्त
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, भड़ाना ने खुलासा किया कि राजमार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी जांच के कारण पारंपरिक तस्करी मार्ग तेजी से जोखिम भरे थे जिस वजह से उसने इस तरीके का इस्तेमाल किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नेब सराय थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज एक मामले में शामिल था। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



