दिल्ली : पुलिस ने फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने एक महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर को मिलने के बाहने बुलाया और उसे पकड़ लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर की पहचान पहाड़गंज के आराम बाग निवासी अमन के रूप में हुई है, जिसे 27 मार्च को झंडेवालन मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, अमन की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों को सुलझा लिया है। उन्होंने बताया कि अमन की निशानदेही पर चोरी के चार स्कूटर बरामद किए गए हैं।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह गिरफ्तारी 19 मार्च को नबी करीम इलाके में एक घर के बाहर से स्कूटर चोरी होने के मामले की जांच के बाद हुई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का विश्लेषण किया और एक नकाबपोश संदिग्ध की पहचान की। बाद में उसकी पहचान अमन के रूप में हुई, जो पहाड़गंज थाने में खराब चरित्र (बीसी) के रूप में सूचीबद्ध था और उसका लंबा आपराधिक इतिहास था।
सिंह के अनुसार, अमन को पकड़ने के लिए टीम ने उसकी सोशल मीडिया गतिविधि पर नजर रखी और एक महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई। डीसीपी ने बताया कि अमन को झंडेवालन मेट्रो स्टेशन के पास एक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मध्य दिल्ली में 30 से अधिक मामलों में रहा शामिल
सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोपहिया वाहन चुराने और उनका इस्तेमाल आसपास के इलाकों में छीना-झपटी और अन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए करने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि अमन गिरफ्तारी से बचने के लिए एक खास तरीका अपनाता था। वह स्कूटर चुराता था और उन्हें 10 से 15 दिनों तक छिपाकर रखता था, फिर उनका इस्तेमाल झपटमारी की घटनाओं में करता था।
यह भी पढे़: अलीगढ़ : छात्रा आत्महत्या पर महिला आयोग द्वारा प्राथमिकी व गिरफ्तारी की मांग
पुलिस के मुताबिक, अपराध को अंजाम देने के बाद वह वाहनों को फिर से छिपा देता और चोरी किए गए नये वाहनों का इस्तेमाल करने लगता। पुलिस ने बताया कि अमन की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी के चार स्कूटर बरामद किए गए हैं, जिनमें से दो नबी करीम और एक-एक रणजीत नगर और करोल बाग में दर्ज मामलों से जुड़े थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य दिल्ली में वाहन चोरी, झपटमारी और संबंधित अपराधों से जुड़े 30 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



