दिल्ली बनेगी फिल्मी राजधानी, भारत मंडपम में 25 मार्च से ग्लोबल फेस्ट

नई दिल्ली: दिल्ली 25 से 31 मार्च तक रोशनी, कैमरा और एक्शन के रंग में रंगने जा रही है। राजधानी में होने वाला इंटरनैशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 7 दिनों तक सिनेमा का महाकुंभ बनेगा, जहां 125 से ज्यादा भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। भारत मंडपम समेत दिल्ली की कई अहम लोकेशन में इस फिल्मी उत्सव की झलक दिखेगी।
100 से देशों से आईं हजारों एंट्री
फेस्टिवल में 100 से ज्यादा देशों से करीब 2 हजार एंट्री मिली थीं। दिल्ली सचिवालय में हुए कर्टेन रेजर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसमें हर दिल्लीवासी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। फेस्टिवल में गाला प्रीमियर सितारों से सजी विशेष स्क्रीनिंग, डिजिटल सिनेमा और नई तकनीकों पर खास प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।

हर तरह की फिल्मों का शो केस होगा
10 थिएटर के अलावा कई खुली जगहों पर भी फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। फिक्शन, नॉन फिक्शन, एनिमेशन, क्यूरेटेड सेगमेंट, डॉक्यूमेंटरी समेत हर तरह की फिल्मों का शो केस होगा। इसमें शक्ति सामंत, धर्मेंद्र, शर्मिला टैगोर को स्पेशल ट्रिब्यूट दिया जाएगा। फिल्मकार राकेश ओमप्रकाश मेहरा डायरेक्टर की भूमिका में होंगे।
अलग अलग जगहों पर की जाएगी स्क्रीनिंग
ओपनिंग के बाद पूरी दिल्ली में अलग अलग जगहों पर फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। सिरी फोर्ट, श्रीराम कला केंद्र और मंडी हाउस के आसपास भी स्क्रीनिंग की जाएगी। बेहतरीन फिल्म, कलाकारों समेत अलग-अलग कैटिगरी में अवॉर्ड देने के प्रस्ताव पर भी काम चल रहा है। ओपन प्लेस पर भी स्क्रीनिंग की योजना है।
फिल्मों में गहरी रुचि- दिल्ली सीएम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली देश की विविधता का प्रतीक हैI यहां भारत के हर राज्य और संस्कृति की झलक मिलती है, उन्होंने फिल्म उद्योग से समाज और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ सृजन करने का आह्वान किया, उनके अनुसार, सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और सकारात्मक संदेश देने की प्रभावशाली ताकत भी हैI अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें फिल्मों में गहरी रुचि रही हैI मिरांडा हाउस में पढ़ाई के दौरान उन्होंने फिल्म शूटिंग के अनुभव भी देखे थे उन्होंने इच्छा जताई कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद वे इस फेस्टिवल में कुछ फिल्में अवश्य देखेंगीI
क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही दिल्ली: कपिल मिश्रा
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली, देश और दुनिया में क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली का अब तक का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित होने जा रहा है।
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घाना के राष्ट्रपति डॉ. जॉन ड्रामानी महामा से भेंट की
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



