हैदराबाद में इंडक्शन स्टोव की माँग बढ़ी

हैदराबाद, मिडिल-ईस्ट संकट गहरा रहा है, लोग खाना पकाने के अन्य विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि इलेक्ट्रिक इंडक्शन स्टोव की मांग तेजी से बढ़ी है। इस मांग से हैदराबाद भी अछूता नहीं है, क्योंकि लोगों को लगता है कि युद्ध लंबा खिंचा, तो सरकार भी आपूर्ति बनाए नहीं रख सकेगी।
प्राप्त समाचार के अनुसार सिकंदराबाद और आबिड्स जैसे बाजारों के इलेक्ट्रॉनिक रिटेल आउटलेट्स पर इंडक्शन कुकर खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लग रही है। हालांकि उपलब्धता सीमित है, क्योंकि ज़्यादातर इलेक्ट्रॉनिक रिटेलर्स के पास ऐसे अप्लायंसेस का बड़ा स्टॉक शायद ही कभी होता है। इसका कारण यह है कि पारंपरिक गैस स्टोव लंबे समय से भारतीय घरों की पहली पसंद रहे हैं।
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर इंडक्शन स्टोव आउट ऑफ स्टॉक
एक हाउसवाइफ ने बताया कि ज्यादातर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर इंडक्शन स्टोव आउट ऑफ स्टॉक हैं। अभी मेरे पास एक बैकअप गैस सिलेंडर है और मुझे किसी कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। हालांकि बैक-अप की निश्चित रूप से ज़रूरत है।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक एमेजॉन और फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर देश भर में मांग में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रेस्टीज और स्टोवक्राफ्ट जैसे बड़े उत्पादक अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं। कीमतें पहले ही बढ़ने लगी हैं। कुछ उत्पाद सिर्फ सात दिन पहले के मुकाबले 100 से 300 रुपए ज्यादा में बिक रहे हैं।
इंडक्शन स्टोव के लिए अचानक हुई मारामारी कोविड-19 महामारी के शुरुआती दिनों की याद दिला रही है। सिंधी कॉलोनी, सिकंदराबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि ठीक कोविड महामारी की तरह, जब अचानक सभी को मास्क और सैनिटाइज़र की ज़रूरत पड़ी, तो ऐसा लग रहा है कि हम एक इंडिकेशन कुकटॉप के ज़माने में हैं। दुकानों से लेकर ऑनलाइन स्टोर्स तक हर कोई अचानक इंडक्शन स्टोव की तलाश में है जैसे यह कोई नया सर्वाइवल किट हो।
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक शानदार व्यक्ति और मेरे अच्छे मित्र हैं: ट्रंप
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



