बाढ़ से बचाव के लिए नालों से गाद निकालना अनिवार्य : रंगनाथ
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने कहा कि नालों और बरसाती नालों में जमी गाद को पूरी तरह हटाकर ही बाढ़ की समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहाँ कहीं नालों की सफाई में अवैध निर्माण बाधक बन रहे हों, आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हटाकर जल प्रवाह को सुचारू बनाया जाए।
हैद्रा आयुक्त ने रहमत नगर, कृष्णा नगर, अमीरपेट और गायत्री नगर क्षेत्रों का दौरा कर डीसिल्टिंग कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं के कारणों व समाधान पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्मी का समय ऐसे कार्यों के लिए उपयुक्त है, क्योंकि बारिश शुरू होने के बाद बड़े कार्य करना कठिन हो जाता है। इसलिए इस मानसून से पहले जल प्रवाह में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं रहनी चाहिए।
यह भी पढ़ें… भवन निर्माण में नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई : एमएमसी आयुक्त
व्हाट्सएप समूह बनाकर प्रगति साझा करने की अपील
आयुक्त ने स्थानीय कॉलोनी कल्याण संघों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वह डिवीजन वार व्हाट्सऐप समूह बनाकर डीसिल्टिंग कार्यों की प्रगति की नियमित जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को समस्याओं और उनके समाधान की बेहतर समझ होती है, इसलिए उनकी सूचना प्रशासन के लिए उपयोगी होगी। उन्होंने रहमतनगर पुल के पास बड़ी मात्रा में गाद हटाने के कार्य का निरीक्षण किया।
साथ ही कृष्णानगर में सीवर का पानी सड़कों पर आने की समस्या पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक 100 मीटर पर गाद हटाने की स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जल प्रवाह में कोई बाधा न हो।
आयुक्त ने कहा कि यदि कार्यों के दौरान किसी प्रकार की समस्या या मशीनरी की आवश्यकता हो, तो तुरंत सूचित किया जाए। साथ ही जीएचएमसी और जलबोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कार्यों की सतत निगरानी करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि डीआएफ टीम हर समय सहयोग के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि कार्यों में कोई बाधा न आए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



