एड़ी-चोटी का जोर लगाने पर भी कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं- भाजपा

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि पुलिस की ज्यादतियों तथा सत्ता के दुरुपयोग, कांग्रेस, बीआरएस और मजलिस पार्टियों के बीच फेवीकॉल बंधन तथा अर्बन नक्सलियों व वामदलों के साथ मिलकर भाजपा को हराने के लिए पूरा जोर लगाने के बावजूद कांग्रेस पार्टी को म्युनिसिपल चुनाव में स्पष्ट बहुमत प्राप्त नहीं हुआ।भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में आम तौर पर परिणाम सत्तारूढ़ पार्टी के अनुकूल आते हैं, फिर भी सत्तासीन कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।

इसलिए यह कांग्रेस के लिए कोई बड़ी जीत नहीं कही जाएगी। उन्होंने कहा कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव में बीजेपी को आशा के अनुरूप अवश्य ही वोट न मिले हों, लेकिन पार्टी का प्रभाव तो बढा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 250 से अधिक वार्डों में जीत हासिल की है, वहीं 6 म्युनिसिपालिटी में बीजेपी सिंगल लार्जेस्ट पार्टी के तौर पर उभरी है। पहली बार निजामाबाद, करीमनगर, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन हासिल करने की ओर भाजपा बढ़ रही है, वहीं मचिरियाल, रामागुंडम, नलगोंडा आदि में पहले से बेहतर स्थिति में भाजपा रही है। आदिलाबाद, खानापुर व भैंसा में चेयरमैन पद हासिल किए जाने की संभावना बन रही है।

यह भी पढ़ें… डिस्कॉमों के नुकसानों को कमकरने उचित कदम उठाएँ : सीएस

70 डिवीजनों में जीत की स्थिति, वोट शेयर बढ़ने का दावा

रामचंदर राव ने कहा कि भाजपा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशनों के 70 डिवीजनों में जीत की स्थिति में है। भाजपा का वोट शेयर 13 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत होने की संभावना है। कई स्थानों पर परिणाम त्रिशंकु हैं। कई स्थानों पर कांग्रेस और बीआरएस ने मजलिस के समर्थन से जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बीआरएस और मजलिस पार्टियों के बीच फेवीकॉल बंधन है क्योंकि मजलिस का समर्थन न हो तो बीआरएस और कांग्रेस का जीतना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मजलिस पार्टी के कारण कई स्थानों पर भाजपा मामूली अंतर से हारी है।

मजलिस प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने खुद भाजपा की जीत को रोकने के लिए मुसलमान मतदाताओं से स्पष्ट कहा है कि बीआरएस या कांग्रेस किसी स्थान पर दूसरे नंबर पर दिखाई दें, वहां मुसलमान इन दोनों पार्टियों में से किसी एक को वोट देकर जिताएँ। यही कारण है कि कई स्थानों पर मजलिस के समर्थन से कांग्रेस और बीआरएस ने सीटें जीती हैं। इसके अलावा अर्बन नक्सलियों व कम्युनिस्टों ने भी भाजपा को हराने तथा कांग्रेस व बीआरएस को जिताने के लिए पूरा जोर लगाया है।

रामचंदर राव ने कहा कि पार्टी ने पहली बार 116 म्युनिसिपालिटियों व 7 कॉर्पोरेशनों सहित 2996 वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े किए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत व कटिबद्धता से काम किया, जिन्हें धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि पूर्व की तुलना में जिन जिलों में भाजपा का प्रतिनिधित्व तक नहीं था, वहाँ पार्टी ने खाता खोल लिया है। उन्होंने कहा कि भद्राद्रि कोत्तागुड़ेम जिले के अश्वारावपेट के एक वार्ड, वहीं कोत्तागुड़ेम कॉर्पोरेशन के एक डिवीजन में भाजपा ने जीत दर्ज की है। अवसर पर प्रदेश भाजपा महासचिव डॉ. एन. गौतम राव, मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष, कोल्ली माधवी आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button