धुरंधर: द रिवेंज’ ने 1088 करोड़ की कमाई

नई दिल्ली, आदित्य धर की फिल्म “धुरंधर: द रिवेंज” ने रिलीज के पहले सप्ताह में ही विश्व स्तर पर 1,088 करोड़
रुपये का सकल राजस्व पार कर लिया है और भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी वैश्विक ब्लॉकबस्टर बन गई है।
जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के अनुसार, रणवीर सिंह अभिनीत जासूसी थ्रिलर फिल्म ने भारत में 814 करोड़ रुपये और विदेशों में 274 करोड़ रुपये का सकल राजस्व अर्जित किया, जिससे इसका वैश्विक कुल राजस्व 1,088 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म का भारत में सप्ताह का शुद्ध संग्रह 690 करोड़ रुपये रहा ।
सबसे मजबूत वीकेंड कलेक्शन दर्ज करने के नए रिकॉर्ड बना रही
फिल्म निर्माताओं ने एक बयान में कहा कि “धुरंधर: द रिवेंज” ने अपने पहले सप्ताह के हर दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है।फिल्म निर्माताओं ने कहा , “ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ की सीक्वल ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और दुनिया भर में 1000 करोड़ रुपये तक सबसे तेज पहुंचने , सबसे ज्यादा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन करने और किसी भी भारतीय फिल्म के लिए वैश्विक स्तर पर अब तक का सबसे मजबूत वीकेंड कलेक्शन दर्ज करने के नए रिकॉर्ड बना रही है।”
फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग वीकेंड के साथ माहौल बना दिया था, जिसने पहले चार दिनों में वैश्विक स्तर पर ₹ 761 करोड़ की कमाई की थी।फिल्म की रफ्तार सप्ताह के दिनों में भी बरकरार रही और इसने भारत में सोमवार को 64 करोड़ रुपये , मंगलवार को 58 करोड़ रुपये , बुधवार को 49 करोड़ रुपये और गुरुवार को 53 करोड़ रुपये की कमाई की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



