मानवीय दृष्टिकोण से निर्णय लें जिला कलेक्टर : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
हैदराबाद, राजस्व, आवास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिये हैं कि वे जनकल्याणकारी कार्यों में निर्णय लेते समय मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखें। उन्होंने कहा कि माननीय सरकार की सोच और आकांक्षाओं के अनुरूप जिला कलेक्टरों को कार्य करना चाहिए, ताकि उनके निर्णय जनता को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचायें।
हाल ही में जोगुलांबा गदवाल, करीमनगर, राजन्ना सिरिसिल्ला, विकाराबाद, मेदक, भद्राद्रि कोत्तागुड़ेम, हनमकोंडा आदि जिलों में पद्भार संभालने वाले कलेक्टरों ने आज सचिवालय में मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की। अवसर पर मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ और विकास कार्यक्रम शुरू किए हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक गरीब तक पहुँचाना जिला कलेक्टरों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कल्याण और विकास के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ना जिला कलेक्टरों का महत्वपूर्ण दायित्व है। सरकार की प्राथमिकताओं के साथ-साथ जनता की आवश्यकताओं को समझकर कार्य करना चाहिए।
यह भी पढ़ें… आत्मनिर्भर भारत निर्माण के साथ आगे बढ़ें भाजपाई : कासम वेंकटेश्वरुलू
आईएएस करियर में कलेक्टर पद अहम अवसर
मंत्री ने कहा कि आईएएस अधिकारियों के करियर में जिला कलेक्टर के रूप में कार्य करना अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर होता है। जनता से जुड़कर मानवीय दृष्टिकोण से निर्णय लेने चाहिए, जिससे लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कार्य करने से अधिकारियों को जनता से प्रत्यक्ष संपर्क के साथ-साथ जमीनी स्तर की सभी समस्याओं की समझ विकसित होती है और यह अनुभव भविष्य में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि जन प्रशासन जनता-केंद्रित होना चाहिए और जिला प्रशासकों को वही कार्य प्राथमिकता से करना चाहिए, जो सीधे जनता के हित में हो।
मंत्री ने कहा कि राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना जिला कलेक्टरों की बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए प्रशासनिक तंत्र को एक टीम की तरह समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



