अपने फायदे के लिए लोगों की जान से न खेलें : सज्जनार
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने चेतावनी दी कि हैदराबाद में लोगों की सेहत को खतरे में डालने और अपने फायदे के लिए मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावट स़िर्फ एक व्यापार नहीं, यह समाज पर हमला है। उन्होंने बशीरबाग में पुराने पुलिस आयुक्तालय में एच-फास्ट द्वारा आयोजित फ़ूड बिज़नेस ऑपरेटरों की समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। बैठक में मीट, दूध, बेकरी प्रोडक्ट्स, अदरक लहसुन पेस्ट, चाय पाउडर और दूसरे सेक्टर्स के लगभग 200 व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पिछले एक माह में पूरे शहर में मिलावट के संबंध में 92 मामले दर्ज किए गए और करीब 62 टन मिलावटी खाने की चीजें जब्त की गयीं। इन गड़बड़ियों में शामिल 98 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने व्यापारियों को सलाह दी कि वह खाने की चीजों की गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना ज़िम्मेदार नागरिक की तरह काम करें। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य सरकार मिलावट मुक्त तेलंगाना के लिए जिम्मेदारी से कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें… मंगलहाट में फिर से 14 टन सड़ा हुआ मांस ज़ब्त
हर व्यापारी को एफएसएसआई लाइसेंस रखना अनिवार्य
दुनिया भर में हैदराबाद की प्रतिष्ठा को बचाना हर व्यापारी की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर फ़ूड बिज़नेस ऑपरेटर के पास एफएसएसआई लाइसेंस होना चाहिए। अगर कहीं भी मिलावट की कोई जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को बताए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो लोग ईमानदारी से व्यापार चलाते हैं, उन्हें पुलिस विभाग और सरकार से पूरा सहयोग व समर्थन मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक स्वस्थ हैदराबाद बनाने में हर कोई भागीदारी निभाएगा।
जब व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने जमीनी स्तर पर आ रही कुछ समस्याओं के बारे में पुलिस आयुक्त को बताया, तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें हल किया जाएगा। व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल की तारीफ की और कहा कि वह मिलावट को रोकने में पूरा सहयोग देंगे। टास्क फ़ोर्स पुलिस आयुक्त गायकवाड़ वैभव रघुनाथ, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ए. श्रीनिवास राव, मेडिकल और हेल्थ विभाग के अधिकारी वेंकट व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



