अफवाहों पर न करें विश्वास – सज्जनार और जिलाधीश हरिचंदना ने की अपील

हैदराबाद, हैदराबाद में पेट्रोल पंपों पर भीड़ से उत्पन्न स्थिति से चिंतित हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने कहा कि शहर में ईंधन की कमी होने की झूठी अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 60 दिनों के लिए पेट्रोल और डीज़ल का भंडार उपलब्ध है और लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

ईंधन आपूर्ति को लेकर उत्पन्न भ्रम की स्थिति के बीच बुधवार को टीजीसीसीसी में जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी, अतिरिक्त सीपी तफसीर इकबाल, जॉइंट सीपी श्वेता तथा सिविल सप्लाई अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सज्जनार ने कहा कि वे ऑयल कंपनियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और पूरे शहर में आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी है। लोगों द्वारा अचानक पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर टैंक फुल करवाने के कारण माँग अचानक बढ़ गई है, जिसके चलते कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से नो स्टॉक बोर्ड दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें… सड़कों के विकास व बेहतर आधारभूत संरचना के लिए 15 हजार करोड़ : श्रीधर बाबू

अफवाहों से एक दिन में दोगुनी हुई ईंधन बिक्री

इसे कमी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण हैदराबाद कमिश्नरेट क्षेत्र में इस महीने की 22 तारीख को 3,024 किलोलीटर ईंधन की बिक्री हुई, जबकि 23 तारीख को यह संख्या बढ़कर 6,400 किलोलीटर हो गई। लोगों की चिंता के कारण ही बिक्री में इतनी वृद्धि हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के विरुद्ध बोतलों या डिब्बों में खुला पेट्रोल या डीज़ल बेचने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सज्जनार ने कहा कि कमिश्नरेट क्षेत्र के 240 पेट्रोल पंपों की स्थिति पर सिविल सप्लाई और राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर झूठी खबरें से लोगों में भय फैलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑयल कंपनियों और सिविल सप्लाई अधिकारियों के साथ स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। जनता की सुविधा के लिए कलेक्टर कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यदि नागरिकों को पेट्रोलियम उत्पादों के उपयोग में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे 040-23202113 पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। वर्तमान में हैदराबाद जिले के 185 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न बढ़ाएं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button