मादक तस्करी नौका पर अमेरिकी हमला, दो की मौत
वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन द्वारा लातिन अमेरिका में कथित तस्करों के खिलाफ अभियान के बीच पूर्वी प्रशांत महासागर में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करी नौका पर सेना के हमले में दो लोगों की मौत हो गयी। अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी दक्षिणी कमान ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर बताया कि हमले के तुरंत बाद अमेरिकी तटरक्षक को हमले में जीवित बचे तीन लोगों की तलाश के लिए सक्रिय किया गया है। अमेरिकी तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि उसके एक जहाज ने दो शव और एक जीवित व्यक्ति को बरामद कर उन्हें कोस्टा रिका के तटरक्षक बल को सौंप दिया।
इस ताजा हमले के साथ सितंबर की शुरुआत से ट्रंप प्रशासन द्वारा ‘‘मादक पदार्थ आतंकवादियों’’ के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद नावों पर हमलों में मारे गए लोगों की संख्या कम से कम 159 हो गई है। अमेरिकी सेना के अनुसार, यह हमला ज्ञात तस्करी मार्गों पर कथित मादक पदार्थ तस्करों को निशाना बनाकर किया गया।
यह भी पढ़े : ईरान ने पर्यटन स्थलों पर हमले की धमकी दी
हालांकि, उसने इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं दिया कि उस नौका पर वास्तव में मादक पदार्थ ले जाए जा रहे थे। जारी किए गए वीडियो में एक नाव को समुद्र में चलते समय आग की लपटों में घिरते हुए दिखाया गया। आलोचकों ने इन हमलों की समग्र वैधता के साथ-साथ उनकी प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अधिक मात्रा में मादक पदार्थ का सेवन करने से होने वाली मौत के पीछे जिम्मेदार फेंटेनाइल आमतौर पर मेक्सिको से जमीन के रास्ते अमेरिका पहुंचाया जाता है। (एपी)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





