नासिक में बुजुर्ग गिरफ्तार, 121 अश्लील वीडियो बरामद
नासिक (महाराष्ट्र), महाराष्ट्र के नासिक में एक बुजुर्ग द्वारा दी गई वसूली की शिकायत की जांच में उस वक्त एक नया मोड़ आ गया जब उसे ब्लैकमेल करने वालों से बरामद फोन, पेनड्राइव और टैबलेट से शिकायतकर्ता के ही 121 अश्लील वीडियो मिले। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इसके बाद पीड़िताओं में से एक के सामने आने के बाद बुजुर्ग को ही यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सतपुर इलाके में बुजुर्ग के कार्यालय से कथित तौर पर एक टैबलेट चुराने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने बुजुर्ग व्यक्ति को उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लीक करने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपये की उगाही करने की कोशिश की थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल फोन, दो पेन ड्राइव और एक मेमोरी कार्ड जब्त किया था और इन उपकरणों की जांच करने पर शिकायतकर्ता रवींद्र गणपत एरंडे की महिलाओं और दोस्तों के 121 अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो क्लिप मिले। पीड़िताओं में से एक ने एरंडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा करके कई बार अलग-अलग होटल में उसका यौन उत्पीड़न किया।
यौन शोषण और ब्लैकमेल मामले में आरोपी गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद एरंडे को शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 69 (धोखाधड़ी के साधनों का प्रयोग करके यौन संबंध आदि) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला है कि एरंडे ने कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण किया और उनके अश्लील वीडियो बनाए। पुलिस ने महिलाओं से एरंडे के खिलाफ अपनी शिकायतें दर्ज कराने की अपील की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़े : दिल्ली : पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
एरंडे ने इस सप्ताह की शुरुआत में सतपुर पुलिस थाने में अपने कार्यालय से अपना टैबलेट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने कहा था कि उसने ब्लैकमेल करने वालों को पहले ही 10,000 रुपये का भुगतान कर दिया था और बृहस्पतिवार शाम को 50,000 रुपये सौंपने वाला था। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आकाश पुंडलिक बकरे, प्रकाश रामदास पनपाटिल, सूरज सुनील गवाई और श्रीपत भीमराव शिंदे को ब्लैकमेल और वसूली के प्रयास के सिलसिले में गिरफ्तार किया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



