नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं तेजी से पूरी करें: आंध्र सरकार

अमरावती, आंध्र प्रदेश के ऊर्जा मंत्री गोट्टिपाटी रवि कुमार ने निवेशकों से नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और उन्हें तय समय पर चालू करने को कहा है। मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सचिवालय में ब्रुकफील्ड-एक्सिस के प्रतिनिधियों और न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ आंध्र प्रदेश लिमिटेड (एनआरईडीकैप) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में राज्य में निर्माणाधीन विभिन्न नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

रवि कुमार ने कहा, ‘‘ परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने की जरूरत है और निवेशकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बिना किसी देरी के उन्हें समय पर पूरा कर चालू किया जाए।’’ उन्होंने हितधारकों से कहा कि जमीनी स्तर पर आने वाली किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत सरकार को दें ताकि उसका जल्द समाधान किया जा सके। साथ ही उन्होंने निवेशकों को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा निवेश के लिए सहज माहौल तैयार

मंत्री ने दोहराया कि परियोजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए भूमि उपलब्धता, आधारभूत ढांचा और आवश्यक मंजूरियां सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेश में बाधा बनने वाली समस्याओं को सक्रिय रूप से दूर करें और राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा निवेश के लिए सहज माहौल तैयार करें।

रवि कुमार ने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने और रोजगार सृजन के उद्देश्य से एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के राज्य को देश की ‘बैटरी स्टोरेज कैपिटल’ बनाने के दृष्टिकोण को भी दोहराया। मंत्री ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उत्पन्न होंगे। (भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button