एफडीडीआई का दीक्षांत समारोह आयोजित

हैदराबाद, फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट हैदराबाद का 5वाँ दीक्षांत समारोह आज आयोजित किया गया। अवसर पर वर्ष 2025 बैच के डिज़ाइन, फैशन, फुटवियर, रिटेल तथा संबद्ध उद्योगों में व्यावसायिक करियर के लिए तैयार स्नातकों को उपाधि प्रदान की गई। इस समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी थे।
मंत्री जी. किशन रेड्डी ने अपने संबोधन में विनिर्माण, नवाचार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में भारत की उभरती वैश्विक नेतृत्व भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फुटवियर एवं लेदर क्षेत्र एक महत्वपूर्ण आर्थिक इंजन है, जो लाखों लोगों को रोजगार प्रदान करता है तथा निर्यात और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने छात्रों को भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने हेतु प्रौद्योगिकी, स्थिरता तथा डिज़ाइन नवाचार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
एफडीडीआई दीक्षांत में 72 छात्र स्नातक
समारोह की अध्यक्षता एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा ने करते हुए स्नातकों को बधाई दी और संस्थान की वैश्विक स्तर के दक्ष पेशेवर तैयार करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। साथ ही छात्रों से नवाचार, स्थिरता, नैतिक आचरण तथा डिज़ाइन थिंकिंग को अपनाकर समाज पर सार्थक प्रभाव डालने का भी आह्वान किया।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. एन. तेज लोहित रेड्डी ने स्वागत भाषण देते हुए 2018 में स्थापना के बाद से हैदराबाद परिसर की तीव्र प्रगति का उल्लेख किया तथा उत्कृष्टता केंद्र, आधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग सहयोग की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। अन्य वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि एफडीडीआई कौशल विकास, नवाचार, अनुसंधान तथा
उद्योग एकीकरण के माध्यम से भारत के फुटवियर, लेदर, फैशन और रिटेल पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान सतत् प्रथाओं, उद्यमिता और डिज़ाइन तथा विनिर्माण में वैश्विक मानकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। दीक्षांत समारोह में वर्ष 2025 के बैच में फैशन डिज़ाइन, फुटवियर डिज़ाइन, लेदर गुड्स एवं एसेसरीज़ डिज़ाइन तथा मैनेजमेंट कार्यक्रमों के 72 विद्यार्थियों ने स्नातक उपाधि प्राप्त की। समारोह के दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



