नगर में फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी मजबूत करेगी टीजीएसआरटीसी

हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) ने राजधानी में फर्स्ट और लास्ट माइल बस कनेक्टिविटी को मजबूत करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत यात्रियों को उनके घरों, कार्यस्थलों और प्रमुख परिवहन केंद्रों के बीच सहज और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराया जाएगा।

टीजीएसआरटीसी अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगम प्रमुख एमएमटीएस स्टेशनों से आने-जाने वाली बस सेवाओं को यात्रियों की संख्या और फुटफॉल के आधार पर बढ़ाएगा। इसके लिए स्थानीय रेलवे अधिकारियों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग किया जाएगा। खास तौर पर ज्यादा आबादी वाले आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों पर फोकस करते हुए बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्बाध कनेक्टिविटी मिल सके।

निगम द्वारा ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के साथ मिलकर शहर के सभी 51 एमएमटीएस स्टेशनों के आसपास मौजूद बस रूट और बस स्टॉप का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। इस आकलन के आधार पर जरूरत के अनुसार नए रूट शुरू किए जाएंगे और बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही जीएचएमसी से प्रमुख मार्गों पर सड़क चौड़ीकरण और बुनियादी ढांचे में सुधार करने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि बस संचालन अधिक सुचारू हो सके।

एकीकृत टिकटिंग पर पुनर्विचार, ट्रैफिक घटाने का लक्ष्य

इसके अलावा निगम फीडर सेवाएं शुरू करने की संभावना पर भी विचार कर रहा है। इनमें निजी ऑपरेटरों की भागीदारी भी हो सकती है। इन सेवाओं को एमएमटीएस स्टेशनों से आसपास की कॉलोनियों और इलाकों से जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित फीडर बसों में जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया जा सकता है और इन्हें निर्धारित जोन में संचालित किया जाएगा, जिससे विश्वसनीयता और कवरेज में सुधार हो सके।

यह भी पढ़े: टीजीएसआरटीसी में बस ड्राइवरों पर फोन बैन

निगम मेट्रो रेल अधिकारियों के साथ समन्वय कर मेट्रो स्टेशनों को नजदीकी बस स्टॉप से जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। इससे ट्रैफिक जाम कम होगा और पैदल यात्रियों की आवाजाही आसान बनेगी। लंबे समय से विचाराधीन एकीकृत टिकटिंग प्रणाली जिसमें आरटीसी बस, मेट्रो रेल और एमएमटीएस सेवाएं शामिल पर करने पर भी पुनः मंथन किया जा रहा है। टीजीएसआरटीसी अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पहलों का उद्देश्य राजधानी क्षेत्र में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, कुशल और बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क उपलब्ध कराना है, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटे और यातायात दबाव में कमी आए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button