सिकंदराबाद में महिला समेत 4 आरोपी गांजे के साथ गिरफ्तार

हैदराबाद, आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पास गांजा बिक्री के मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 515 ग्राम गांजा बरामद किया, वहीं बोडुप्पल क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में भी गांजा जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ा गया।
एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के आसपास तुकाराम गेट और नॉर्थ लालागुड़ा इलाके में गांजा बेचते हुए नामपल्ली की कांबले मंजुला और राकेश मंडल को 515 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले कुछ दिनों से छोटे-छोटे पैकेटों में गांजा बेच रहे थे। उन्होंने ओडिशा के सप्लायरों से गांजा खरीदकर अपने गिरोह के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में बिक्री करना भी कबूल किया। सिकंदराबाद आबकारी पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बोडुप्पल में दो अलग-अलग मामलों में गांजा बरामद
उधर, आबकारी पुलिस की एनफोर्समेंट टीम ने घटकेसर आबकारी क्षेत्र के अंतर्गत बोडुप्पल में गांजा बिक्री के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। इंस्पेक्टर सुभाष चंदर के अनुसार, पहले मामले में ए. अमर को 1.1 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा गयाI
जबकि दूसरे मामले में पर्ला सुरेश के पास से 320 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ऑटो चालकों और ठेला बंडी विक्रेताओं को छोटे पैकेटों में गांजा बेचने की बात स्वीकार की। घटकेसर आबकारी पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े– पाकिस्तान अब तक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के प्रहार से नहीं उबरा : राजनाथ सिंह
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



