दो दिनों में जीएचएमसी ने जमा किया 15 टन इलेक्ट्रॉनिक कचरा
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम द्वारा शहर में इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष ई-वेस्ट संग्रह अभियान में नागरिकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। निगम की टीमों ने दो दिनों में 15 टन ई वेस्ट जमा किया।
प्रजा पालना प्रगति प्राणालिका कार्यक्रम के तहत 14 और 15 मार्च को जीएचएमसी के सभी 30 सर्किलों में ई-वेस्ट मेगा कलेक्शन ड्राइव आयोजित की गई। दो दिनों के इस अभियान में लगभग 15,000 किलोग्राम इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्रित किया गया। नागरिक बड़ी संख्या में पुराने मोबाइल फोन, लैपटॉप, चार्जर, कीबोर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कराने पहुँचे। जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, जोनल आयुक्तों और उप-आयुक्तों ने विभिन्न स्थलों पर इस अभियान की निगरानी की।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी ने की 252 भवनों की फायर सेफ्टी जांच
वेंगल राव पार्क में 450 किलो ई-वेस्ट जमा
अभियान के लिए 110 संग्रह केंद्र स्थापित किए गए थे। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों, स्वच्छ साथी स्वयंसेवकों, स्वयं सहायता समूहों और गैर-सरकारी संगठनों ने मिलकर कार्य किया। जुबली हिल्स सर्किल स्थित जलागम वेंगल राव पार्क में लगभग 450 किलोग्राम ई-वेस्ट एकत्र किया गया। इसमें भाग लेने वाले लोगों को उनके योगदान के लिए 4,500 रिवॉर्ड प्वाइंट्स दिए गए। इसी प्रकार कावाड़ीगुड़ा सर्किल के इंदिरा पार्क में लगभग 510 किलोग्राम ई-वेस्ट एकत्र किया गया। यहाँ भाग लेने वाले नागरिकों को कुल 20,874 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
जमा किए गए ई-वेस्ट की मात्रा के आधार पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स और कैश-बैक प्रोत्साहन दिए जाने की व्यवस्था नागरिकों के लिए प्रमुख आकर्षण रही। अधिकृत रीसाइक्लिंग एजेंसियों ने स्थल पर ही प्रोत्साहन राशि वितरित की, जिससे लोगों को जिम्मेदारी के साथ ई-कचरे का निपटान करने हेतु प्रेरणा मिली। जीएचएमसी ने इसी तरह के ई-वेस्ट संग्रह अभियान का आयोजन आगामी 11 एवं 12 अप्रैल तथा 9 और 10 मई को करने की योनजा बनाई है।
नागरिकों से अपील की गयी कि वह इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कचरे के साथ न फेंकें, बल्कि अधिकृत ई-वेस्ट संग्रह अभियानों का उपयोग करें। ई-वेस्ट का उचित निपटान पर्यावरण की रक्षा करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद मूल्यवान सामग्रियों की पुनर्प्राप्ति और पुनर्चक्रण में मदद करता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





