जीएचएमसी ने की 252 भवनों की फायर सेफ्टी जांच
हैदराबाद, हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) ने नगर में अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। टाउन प्लानिंग विभाग के अधिकारियों ने नगर के 6 जोनों में कुल 252 भवनों की जांच की।
जीएचएमसी द्वारा बताया गया कि राज्य सरकार के ‘प्रजा पालना प्रगति प्रणालिका’ के तहत 99 दिन कार्ययोजना अभियान के अंतर्गत मुख्य सड़कों के किनारे स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भवनों में लगे अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही भवन मालिकों और प्रबंधकों को आग से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।



विशेष रूप से भवनों के बेसमेंट में ज्वलनशील या खतरनाक पदार्थों का भंडारण नहीं करने की जानकारी दी गई। जिन स्थानों पर ऐसे पदार्थ पाए गए, वहाँ से उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। जिन भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण नहीं थे या वे खराब हालत में पाए गए, उन्हें नोटिस जारी कर जल्द से जल्द व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढे़: जीएचएमसी : संपत्ति कर वसूली के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर
अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश व्यावसायिक भवनों में प्राथमिक स्तर की फायर सेफ्टी व्यवस्था मौजूद है, हालांकि कुछ जगहों पर कमियां भी पाई गई हैं। इन मामलों की निगरानी करते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उधर, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि नगर में आग से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





