गोवा : पार्षद के बेटे पर यौन शोषण का आरोप
पणजी, गोवा में कथित यौन शोषण के उस मामले में दो नाबालिग लड़कियों ने शिकायत दर्ज कराई है जिसमें गोवा के एक पार्षद के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गोवा के कुशावती जिले की कुर्चोरेम पुलिस ने लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाने और प्रसारित करने के आरोप में स्थानीय पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशांत नाइक के बेटे सोहम नाइक (20) को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और गोवा बाल अधिनियम के तहत 22 मार्च को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
कुशावती जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष देसाई ने मंगलवार शाम को मडगांव में पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच मंगलवार को अपराध शाखा को सौंपी गई और इससे पहले दो नाबालिग पीड़िताओं ने कुर्चोरेम में जांच अधिकारी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अब तक तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं और इस संबंध में और भी पीड़िताओं के सामने आने की संभावना है।
यह भी पढ़े : मप्र : महिला से बलात्कार के आरोप में चिकित्सक गिरफ्तार
अधीक्षक संतोष देसाई ने बताया कि आरोपी द्वारा स्थानीय नाबालिग लड़कियों के कुछ अश्लील वीडियो प्रसारित किए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने 21 मार्च को कुर्चोरेम थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण शुरुआत में आरोपी को हिरासत में नहीं लिया था लेकिन बाद में जब लोगों ने थाने से जाने से इनकार कर दिया तो 22 मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



