आँगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने सरकार प्रतिबद्ध : सीताक्का
हैदराबाद, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री डी. अनुसूया सीताक्का ने कहा कि सरकार आँगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में सरकार आँगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक विद्यालयों के स्तर के प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा केंद्रों में परिवर्तित करने के लिए कदम उठा रही है।







सीताक्का ने नामपल्ली आईसीडीएस परियोजना के अंतर्गत ईसामियाँ बाजार, कोठी में नवनिर्मित आँगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। अवसर पर हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी उपस्थित थीं। सीताक्का ने कहा कि सरकार गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं सहित 0 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा सेवा प्रदान करने के लिए आँगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आँगनवाड़ी केंद्र केवल देखभाल केंद्र ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण शैक्षिक केंद्र भी हैं, जो बच्चों के भविष्य को आकार देते हैं। उन्होंने कहा कि इस नवनिर्मित केंद्र में डिजिटल शिक्षण उपकरण, गेम आधारित शैक्षिक उपकरण, एआई-आधारित पठन सहायक और गहन शिक्षण सुविधाएँ स्थापित की गई हैं। उन्होंने 16.44 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आँगनवाड़ी भवन के निर्माण के लिए जिला कलेक्टर द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। सीताक्का ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में सरकार वर्तमान में राज्य में आँगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढाँचे और शैक्षिक सुविधाओं में सुधार के लिए काम कर रही है।
यह भी पढ़ें… 99 दिनों की योजना के तहत एटीसी केंद्रों में आधुनिक पाठ्यक्रम : जी. विवेक
आँगनवाड़ी बच्चों को ड्रेस और पोषण की सुविधा प्रदान
आँगनवाड़ी बच्चों को ड्रेस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा मुलुगु जिले में बच्चों को दूध उपलब्ध कराने का एक प्रायोगिक कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसे जल्द ही अन्य जिलों में विस्तारित किया जाएगा। इसी प्रकार आँगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के पोषण को मजबूत करने के लिए सुप्रभात भोजन नामक नाश्ता कार्यक्रम शुरू करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
अवसर पर क्षेत्र के अभिभावकों से बच्चों को आँगनवाड़ी केंद्रों में दाखिला दिलाने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की खुशी और विकास भी सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य है।जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण विभाग के तत्वावधान में संचालित व्यापक बाल विकास सेवा योजना के तहत आँगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को सेवा प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को एक आदर्श तथा आधुनिक आँगनवाड़ी केंद्र लिए प्रायोगिक कार्यक्रम के रूप में शुरू किया गया है।
सीमेंट और स्टील जैसी निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि के कारण पारंपरिक भवनों के निर्माण की मंजूरी और कार्यान्वयन में देरी के चलते पूर्वनिर्मित निर्माण विधि का पालन करते हुए इस आँगनवाड़ी भवन को कम समय में पूरा किया गया है। इस केंद्र में बच्चों के मस्तिष्क विकास और प्रारंभिक शिक्षा के लिए खेल तथा शैक्षिक उपकरणों के साथ एआई-आधारित प्रारंभिक शिक्षा प्रणालियाँ उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में तेलंगाना बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य, जीएचएमसी गोलकोंडा जोनल आयुक्त, महिला विकास एवं बाल कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक सहित आँगनवाड़ी शिक्षक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



