जय बजरंग बली : वीर हनुमान विजय यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

हैदराबाद, बजरंग दल द्वारा श्री हनुमान जन्मोत्सव पर गौलीगुड़ा स्थित श्रीराम मंदिर से वीर हनुमान विजय यात्रा (बाइक रैली) निकाली गई। अलस सुबह से ही राम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन-कीर्तन किया गया। इसके बाद श्रीश्रीश्री गिरिधर स्वामी ने भगवा ध्वज दिखाकर विशाल बाइक रैली को रवाना किया।

बाइक रैली कोठी स्थित आंध्रा बैंक, काचीगुड़ा, रामकोट, वाईएमसीए, नारायणगुड़ा, चिकड़पल्ली, आरटीसी एक्स रोड, अशोक नगर, गांधी नगर, कवाड़ीगुड़ा, सिटी लाइट होटल, महाकाली मंदिर, पैराडाइज से होते हुए ताड़बन हनुमान मंदिर पहुँची। रैली के दौरान आंध्रा बैंक के पास स्वामी गिरिधर स्वामी, विहिप नेता सत्यम द्वारा धर्म संदेश दिया गया। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पारायण का आयोजन हुआ। रैली के मार्गों पर स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा शीतल पेय, अन्न का वितरण किया गया। इसके अलावा कई लोगों ने हनुमान चालीसा की पुस्तकों का वितरण किया।

कर्मनघाट व घाँसी बाजार की रैलियों से बढ़ा आकर्षण

बजरंग दल की बाइक रैली में हजारों की संख्या में युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। मुख्य बाइक रैली में कर्मनघाट व घाँसी बाजार की बाइक रैलियों के शामिल होने से शोभायात्रा का आकर्षण बढ़ गया। बाइक रैली में युवाओं ने हनुमानजी के जयकारे लगाते हुए भक्ति का परिचय दिया। रैली में महाबली हनुमान की एकल मूर्ति आकर्षण का केंद्र रही।

हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। बाइक रैली के मार्ग की कड़ी निगरानी की गई। पुलिस की कई टीमें बाइक रैली के साथ चल रही थीं। मार्ग के बड़े-बड़े भवनों से कैमरों के जरिए बाइक रैली पर निगरानी रखी गयी। रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में लॉ एंड ऑर्डर, यातायात मैनेजमेंट, इंटेलिजेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीमों की अहम भूमिका रही।

अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष नरसिंह मूर्ति, अखिल भारतीय मठ मंदिर के अध्यक्ष मूसापेट रामराजू, बजरंग दल के क्षेत्र संगठन मंत्री कुमारस्वामी, गोरक्षा विभाग तेलंगाना के राज्य संयोजक सुभाषचंद्र, राज्य सह संयोजक मुकेश यादव, बजरंग दल भाग्यनगर के संयोजक अखिल, सह संयोजक राहुल, महांकाली विभाग संयोजक विशाल, विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कई राज्य, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें… श्रीकृष्णा नगर जैन संघ ने मनायी महावीर जयंती

गिरिधर स्वामी ने दिलाया हिन्दू धर्म की रक्षा का संकल्प

आतंकवाद का एक ही हल बजरंगदल- बजरंगदल का नारा देते हुए जयपुर से आए श्रीश्रीश्री गिरिधर स्वामी ने समस्त सनातन हिन्दू धर्म की रक्षा करने का संकल्प दिलाया और कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए चाहे जो करना पड़े करें। वीर हनुमान विजय यात्रा (दुपहिया रैली) के कोठी स्थित आंध्रा बैंक के पास पहुँचने पर सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ करने के पश्चात भक्तोड़ को संबोधित करते हुए गिरिधर स्वामी ने कहा कि यदो धर्मस्य तदो जय। उन्होंने कहा कि जहाँ धर्म होता है, वहाँ विजय होती है, जहाँ धर्म नहीं, वहाँ कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि यदि धर्म को बचा लिया तो राष्ट्र बचेगा, क्योंकि धर्म नहीं होगा तो कुछ नहीं बचेगा।

स्वामीजी ने कहा कि बजरंगदल की धमनियों में जो हिन्दूत्व का रक्त प्रवाहित हो रहा है और जो राष्ट्रवाद की भावना मस्तिष्क में है, इनकी धर्मभक्ति का प्रणाम है। उन्होंने कहा कि विश्व में जितनी भी आसुरी शक्तियाँ, आतंकवादी, धर्मद्रोही, गौहत्यारे, हिन्दू मंदिरों को तोड़ने वाले व लव जिहादी हैं, इनका एकमात्र लक्ष्य सनातन हिन्दू धर्म को नष्ट करना है।

स्वामीजी ने चिंता जताते हुए कहा कि जिन्हें वंदेमातरम कहने में शर्म आती है, जिनको भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है, जो लोग इस देश में रहते हैं, यहीं का खाते हैं, यहाँ की सब्सिडी से हज यात्रा करते हैं और भारत में रहकर पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगाते हैं, ऐसे नाशुकराने जब तक इस देश में हैं, न देश सुरक्षित रहेगा, न धर्म सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण को धूल चटाकर धर्म की रक्षा के लिए हनुमानजी ने श्रीराम का साथ दिया था, उसी प्रकार हनुमानजी को आदर्श बनाकर सभी को सनातन धर्म की रक्षा करनी है, आज सभी इसका संकल्प लें।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button