ग्राउंड फ्लोर पर ही लगायी जाएँ हलीम की भट्टियाँ : एमएमसी
हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने हलीम भट्टी संचालकों को निर्देश दिया कि हलीम बनाने की भट्टियाँ ऊपरी मंज़िलों पर बिल्कुल स्थापित नहीं की जाएँ। उन्होंने माँस की खरीदी तथा सुरक्षा से संबंधित नियमों के पालन पर भी ज़ोर दिया।
एमएमसी आयुक्त ने ज़ोनल अधिकारी, अतिरिक्त आयुक्त (स्वच्छता), उप जिलाधीश, पशु संवर्धन निदेशक एवं उपायुक्तों की उपस्थिति में मल्काजगिरि नगर पालिका क्षेत्र के हलीम बनाने वालों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में हलीम बनाने की भट्टियाँ ऊपरी मंजिलों पर नहीं, बल्कि केवल ग्राउंड फ्लोर पर ही स्थापित की जाएँ। उन्होंने कहा कि हलीम तैयार करते समय स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। भट्टी के उच्च तापमान के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए पहले से ही आवश्यक सावधानियाँ बरतने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें… दमरे महाप्रबंधक ने किया परली वैजनाथ मार्ग का निरीक्षण
अनुमोदित स्लॉटर हाउस से ही मांस खरीदने के निर्देश
आयुक्त ने निर्देश दिया कि माँस की खरीद केवल सरकार द्वारा अनुमोदित स्लॉटर हाउस से ही की जाए। साथ ही पार्किंग की समस्या से बचने के लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति की नियुक्ति करने और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने ज़ोनल आयुक्तों, अतिरिक्त आयुक्त (स्वच्छता), संयुक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) और उप-आयुक्तों के साथ स्वच्छता पर विशेष समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन सुबह मैदानी स्तर पर निरीक्षण करें।
आयुक्त ने कहा कि वह स्वयं भी रोज़ाना फील्ड स्तर पर निगरानी करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन उपस्थित स्वच्छता वाहनों की संख्या की जानकारी ली जाए तथा जो वाहन उपस्थित नहीं होते हैं, उनके अनुपस्थित रहने के कारणों की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा रामकी एजेंसी द्वारा जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स) हटाए जा रहे हैं या नहीं, इसकी रोज़ाना निगरानी करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने जीवीपी मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



