हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव ने सड़कों के विकास हेतु राज्य सरकार की हाईब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) नीति के तहत निर्मित की जाने वाली सड़कों के लिए आमंत्रित निविदाओं में भारी घोटाला किए जाने का आरोप लगाया और कहा कि जो टेंडर ओपन किए गए हैं, उनमें करीब 25 प्रतिशत अधिक राशि कोट की गई है।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में टी. हरीश राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार से तुरंत ही अधिक दरें कोट किए गए सारे टेंडर रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्व बीआरएस सरकार के समय टेंडरों पर 5 प्रतिशत तक सीलिंग रखी गई थी।
यदि अधिक कोट किया गया तो फिर से टेंडर बुलाने का नियम था परंतु कांग्रेस सरकार में नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अधिक दरों पर टेंडर बुलाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से 5 प्रतिशत सीलिंग बरकरार रखने और अधिक दर कोट किए गए सभी टेंडर रद्द करके फिर से टेंडर बुलाने की मांग की।
यह भी पढ़ें… मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिया सोलर स्टोव के उपयोग बढ़ाने का निर्देश
हरीश राव ने आरोप लगाया कि पंचायतराज व आरएंडबी विभागों में अधिक दरों के साथ टेंडर प्राप्त किए गए हैं, अब इसके पीछे क्या राज है यह सरकार बताए। उन्होंने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जब सड़क व भवन निर्माण मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकटरेड्डी ने एएएम मॉडल के तहत टेंडर आमंत्रित किए जाने का जिक्र किया था तभी उन्होंने (हरीश राव ने) बड़े घोटाले को जगह देने की भविष्यवाणी सदन में की थी।
