साम्प्रदायिक कम्युनिस्ट पार्टी के साथ कांग्रेस कैसे : पोरेड्डी किशोर

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश आधिकारिक प्रवक्ता पोरेड्डी किशोर ने केरलम चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा को कम्युनिस्ट पार्टी के एजेंट बताए जाने पर पलटवार करते हुए कहा कि दरअसल केरलम के तिरुअनंतपुरम कॉर्पोरेशन में भाजपा की जीत से यहाँ भाजपा के बढ़ते प्रभाव को कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है, इसलिए ऐसे उटपटाँग बयान देने पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी उतारू हो चुके हैं।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए पोरेड्डी ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कांग्रेस नीत इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (आईएनडीआईए) गठबंधन का उल्लेख करते हुए प्रश्न किया कि इंडी गठबंधन में कम्युनिस्ट पार्टी के साथ खड़ी कांग्रेस तेलंगाना में सीपीआई का दामन थामकर चल रही है। ऐसे में कम्युनिस्ट पार्टी केरलम में भाजपा की एजेंट कैसे बन गई? उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि केरलम चुनाव प्रचार में एक बात तो मुख्यमंत्री ने सच कही है कि कम्युनिस्ट पार्टी सांप्रदायिक शक्तियों को प्रोत्साहन देती है। उन्होंने कहा यह सच है कि कम्युनिस्ट पार्टियों ने सांप्रदायिक कट्टरवादी मजलिस पार्टी, पीएफआई की कभी आलोचना नहीं की है, बल्कि परोक्ष रूप से उन्हें प्रोत्साहित ही किया है।

यह भी पढ़ें… बीआरएस विधायक ने मच्छरदानी पहनकर किया प्रेस को सम्बोधित

रेवंत रेड्डी के बयान को भाजपा ने बताया हास्यास्पद

किशोर ने कहा कि तेलंगाना बजट सत्र समाप्त होते ही केरलम चुनाव प्रचार गए रेवंत रेड्डी ने वहाँ के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एजेंट और कम्युनिस्ट पार्टी को वोट देना भाजपा को वोट देने के बराबर बताते हुए कहा कि कम्युनिस्ट व बीजेपी का फेवीकॉल बंधन है, यह बयान हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि देशभर में खुद को सेक्युलर पार्टी बताने वाली कांग्रेस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के अनुसार कट्टरवाद व सांप्रदायिकता को प्रोत्साहन देने वाली कम्युनिस्ट पार्टी के साथ इंडी गठबंधन में कैसे है, इसका जवाब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जनता को दें।

किशोर ने कहा कि अब सवाल उठता है कि क्या सैद्धांतिक पार्टी होने का दम भर रही कम्युनिस्ट पार्टी के नेता अपने स्वार्थ व पदों के लालच में कांग्रेस के हाथों बिक गए हैं। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि हाल ही में रेवंत रेड्डी खम्मम में सीपीआई के शताब्दी वर्ष उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया, वहाँ सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने के लिए कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं की तारीफ की थी और अब केरलम चुनाव प्रचार में उसी कम्युनिस्ट पार्टी पर सांप्रदायिक शक्तियों को प्रोत्साहन देने के आरोप लगा रहे हैं, यह दोहरा रवैया नहीं तो और क्या है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button