हैदराबाद : 730 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा गया
हैदराबाद, हैदराबाद, साइबराबाद एवं मल्काजगिरी की यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान कुल 730 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। हैदराबाद की ट्रैफिक पुलिस ने 20 और 21 मार्च को नगर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान के दौरान कुल 343 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा।
नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत कुल 343 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिसमें 287 दोपहिया, 24 तिपहिया, 32 चौपहिया व अन्य वाहन शामिल हैं। इन मामलों में 71 शराबी वाहन चालकों के शरीर में बीएसी की मात्रा 30 से 50 एमजी के बीच पाई गई।
इसके अलावा 143 वाहन चालकों में 51 से 100 एमजी, 77 मामलों में 101 से 150 एमजी, 30 मामलों में 151 से 200 एमजी, 14 मामलों में 201 से 250 एमजी, 4 मामलों में 251 से 300 एमजी तथा 4 मामलों में बीएसी का स्तर 300 एमजी से अधिक दर्ज किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सहयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
यह भी पढ़ें… प्रोफाइल पिक्चर के झाँसे में ना आएँ : हैदराबाद पुलिस कमिश्नर
अधिकांश मामले दोपहिया वाहन चालकों से संबंधित
इसके अलावा साइबराबाद की ट्रैफिक पुलिस ने सप्ताहांत शराबी वाहन चालकों की तलाशी के दौरान कुल 173 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बताया गया कि 173 मामलों में 138 दोपहिया, 10 तिपहिया, 22 चौपहिया, 2 भारी वाहनों से संबंधित हैं। इनमें से 145 शराबी वाहन चालकों के शरीर में बीएसी की मात्रा 36 से 200 एमजी के बीच, 15 वाहन चालकों के शरीर में 201 से 300 एमजी, 13 वाहन चालकों के शरीर में 301 से 550 एमजी बीएसी की मात्रा दर्ज की गई।
बताया गया कि सोमवार को आरोपियों को आगे की कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसी प्रकार, मल्काजगिरी की ट्रैफिक पुलिस ने 15 से 21 मार्च के बीच शराबी वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कुल 214 वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बेगमपेट की ट्रैफिक पुलिस ने 5 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा।
उसी तरह, तिरुमलगिरी की ट्रैफिक पुलिस ने 44, गोपालपुरम की ट्रैफिक पुलिस ने 11, अलवाल की ट्रैफिक पुलिस ने 11, मल्काजगिरी में 48, उप्पल में 16, कुशाईगुड़ा में 17, घटकेसर में 13, एल.बी.नगर में 31 व वनस्थलीपुरम की ट्रैफिक पुलिस ने 18 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए। इसके अलावा पिछले सप्ताहभर में सेलफोन ड्राइविंग के 1236 मामले, ट्रिपल राइडिंग के 1995 मामले, ओवर स्पीड के 1606 मामले, सिग्नल जम्प के 1876 मामले, गलत दिशा में वाहन चलाने के 7862 मामले, वाहन ठहराते हुए रास्ता रोकने के 12051 मामले दर्ज किए गए। आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई चल रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



