हैदराबाद : पान शॉप कर्मी पर हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, अत्तापुर पुलिस ने पान शॉप कर्मी पर हॉकी स्टिक से हमला करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अत्तापुर पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता किंग्स कॉलोनी, शास्त्रीपुरम निवासी शेख वसीम पिल्लर नं. 217 के पास अरमान पान शॉप संचालित करता है। रोज सुबह वह 5 बजे अपना पान शॉप खोलता है। इसी क्रम में गत 2 अप्रैल की देर रात वह अपने पान शॉप पहुँचा। इस दौरान उसका दोस्त नदीम पहुँचा और उसने उसके साथ कुछ देर बातचीत की और नदीम के जाने के बाद वह पान शॉप के पास ही खड़ा था।
सुबह 4.30 बजे चार लोग उसके पान शॉप पर आए और सिगरेट की माँग की। उसने बताया कि वह 5 बजे के बाद ही अपना पान शॉप खोलता है और उसी समय सिगरेट देगा। सिगरेट न देने के कारण चारों ने उसके साथ झगड़ा किया और उसे धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद चारों हॉकी स्टिक लेकर उसके पान शॉप आए और उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। इस दौरान जमील और अन्य कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर चारों को वहाँ से भगा दिया और घायल वसीम को जोई अस्पताल पहुँचाया।
यह भी पढ़ें… चलती ट्रेन में चेन स्नैचिंग करने वाला गिरफ़्तार, 45 ग्राम सोने के आभूषण बरामद
आरोपियों को अदालत में पेश कर भेजा जेल
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वसीम ने इस घटना की अत्तापुर पुलिस थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद वसीम पर हमला करने वाले रियल इस्टेट व्यापारी विश्वास नगर, मुरादनगर निवासी मीर मोहम्मद अली उर्फ इरफान उर्फ इरफान बिल्ला (38), एर्राकुंटा, शाहीननगर निवासी मो. मोइनुद्दीन उर्फ मोइन पटेल (38), तालागड्डा, महबूबनगर कॉलोनी, कारवान निवासी पेशे से निजी कर्मी मो. मुश्ताक उर्फ सलमान (28) और विजयनगर कॉलोनी निवासी कॉलेज छात्र मो. रहीमुद्दीन (21) को गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



