हैदराबाद : बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान आरंभ
हैदराबाद, हैदराबाद जिला प्रशासन ने बाल विवाह उन्मूलन के उद्देश्य से बाल विवाह उन्मूलन रथ के माध्यम से 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान का शुभारंभ जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने झंडी दिखाकर किया। यह पहल प्रत्येक बालिका के शिक्षा के अधिकार, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियाँ, सामुदायिक सहभागिता गतिविधियाँ तथा सूचना प्रसार के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें… बांसवाड़ा जाने से पहले हिरासत में लिए गये विधायक राजा सिंह
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस रथ के माध्यम से अभिभावकों, युवाओं और समुदाय को बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर का अधिकार है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन निरंतर ठोस कदम उठाता रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



