हैदराबाद: फर्जी नोट रैकेट का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद, चादरघाट पुलिस ने फर्जी नोट का प्रचलन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 500 रुपये के 178 नोट जब्त किए।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में चारमीनार जोन के पुलिस उपायुक्त खरे किरण प्रभाकर ने बताया कि इस मामले में चादरघाट इंस्पेक्टर के.बी. मुरारी ने उमर कॉलोनी, हफीजबाबा नगर, चंद्रायनगुट्टा निवासी पेशे से कसाई अहमद पाशा (33) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गत 7 अप्रैल को कोटक महिन्द्रा बैंक मलकपेट के शाखा प्रबंधक सत्यनारायण रेपाला ने थाने आकर शिकायत की। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि बैंक परिसर स्थित कैश रिसाइकलर मशीन (सीआरएम) में 500 रुपये के 10 नकली नोट पाए गए।

यह भी पढ़ें… पंजागुट्टा थाने में ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट को लेकर हंगामा

यूवी लैम्प से जाँच करने पर ये नोट नकली पाए गए। छानबीन के दौरान पता चला कि ये नकली नोट बैंक के खातेदार अहमद पाशा ने सीआरएम मशीन में जमा किए थे। इस आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने अहमद पाशा को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ करने पर उसने बताया कि 94 हजार रुपये के 188 नकली नोट उसने शादनगर में एक व्यक्ति के पास से प्राप्त किए थे। प्राप्त किए गए 500 रुपये के नकली नोटों में से 10 नोट उसने बैंक की सीआरएम मशीन में जमा कर दिए। पुलिस ने बचे हुए 178 नकली नोट उसके पास से जब्त कर लिए। छानबीन के दौरान पता चला कि नकली नोट का प्रचलन गुजरात से किया जा रहा है।

Exit mobile version