हैदराबाद : फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले अरेस्ट
हैदराबाद, मल्काजगिरी की वनस्थलीपुरम पुलिस ने भू-प्लाट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर सात आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया। इनका एक साथी फरार है।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में एल बी नगर जोन की पुलिस उपायुक्त डॉ. बी अनुराधा ने बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता गरिमेल्ला कामेश्वर राव की शिकायत पर वनस्थलीपुरम एसीपी पी काशी रेड्डी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर टी. महेश ने छानबीन कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पीएसआर नगर, मीरपेट निवासी वल्लाला प्रेम कुमार, राघवेंद्र नगर, जिल्लेलगुड़ा निवासी कोटला नागेंद्र प्रसाद, प्रशांति हिल्स, मीरपेट निवासी येलमटी सुकुमार रेड्डी, तिम्मापुर ग्राम जाजीरेड्डीगुडेम सूर्यापेट निवासी इंदुर्ती कृष्णा रेड्डी, केतनकोंडा ग्राम कृष्णा जिला आंध्र प्रदेश निवासी मुप्पल्ला सुजाता, मुतंगी पठनचेरू निवासी नलावल्ली बालमणी और रामचंद्र पुरम निवासी तलारी सुलोचना को गिरफ्तार किया गया। इनका एक साथी सूर्या फरार है।
अनुराधा ने बताया कि प्रेम कुमार, नागेंद्र प्रसाद और सुकुमार रेड्डी इसके पूर्व इसी प्रकार की धोखाधड़ी कर चुके हैं और उनके खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज कर कार्रवाई भी की गयी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने आपस में सांठगांठ कर मुनगनुर ग्राम अब्दुल्लापुरमेट मंडल के सर्वे नंबर 60,74,75 और 76 में प्लाट नंबर 200 (400 वर्ग गज) के संबंध में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार प्रमाण पत्र और लीगल हायर प्रमाण पत्र तैयार कर इसके आधार पर सेल डीड तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
यह भी पढ़ें… जेड़चर्ला : लिफ्ट देकर युवती से सामूहिक बलात्कार
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 338, 336(3), 340(2), 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपियों के पास से 5 सेल फोन, लैपटॉप,और फर्जी दस्तावेज बरामद किये गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



