हैदराबाद : पति की हत्यारिन प्रेमी और साथियों समेत गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र की माहेश्वरम पुलिस ने अवैध संबंध के चलते पति की हत्या करने वाली महिला को उसके प्रेमी और साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया। माहेश्वरम पुलिस इंस्पेक्टर एच. वेंकटेश्वरुलू ने बताया कि दुब्बाचर्ला ग्राम, माहेश्वरम निवासी पेशे से निजी सुरक्षाकर्मी ब्यागरी अंजय्या (43) का शव गत 26 फरवरी को गाँव के एर्रा वेंकटय्या के भू प्लॉट स्थित पानी से भरे गड्ढे से सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि अंजय्या का वर्ष 2008 के दौरान उसके मामा की लड़की बी. अनिता से विवाह हुआ और उसे दो बच्चे हुए।
अंजय्या पहले कोत्तूर स्थित नाटको पीएण्डजी कंपनी में निजी सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था। वर्ष 2023 के दौरान गतिमान मोटरसाइकिल से गिरने के कारण अंजय्या के सिर पर गहरी चोट लग गई थी। इसके बाद से वह नौकरी छोड़कर घर पर ही रहने लगा था। इस दौरान उसे शराब पीने की लत पड़ गई थी। अधिक शराब पीने के कारण अंजय्या के अस्वस्थ हो जाने के कारण उसे चार माह के लिए पुनर्वास केंद्र भेज दिया गया।
उपचार के पश्चात स्वस्थ होकर अंजय्या घर लौट आया। अंजय्या के पुनर्वास केंद्र में रहने के दौरान अनिता के उसी गाँव में रहने वाले पुट्टागल्ला अंजय्या के साथ अवैध संबंध बन गए। इन दोनों के बीच अवैध संबंध की अंजय्या को भनक लग गई। इस कारण अंजय्या और अनिता के बीच झगड़े हो रहे थे। अंजय्या की बहन और बहनोई के अलावा अन्य रिश्तेदारों ने दोनों के साथ परामर्श कर उन्हें काफी समझाया, लेकिन अनिता ने पुट्टागल्ला अंजय्या के साथ अपने अनैतिक संबंध समाप्त नहीं किए।
यह भी पढ़ें… सोना खरीदने का झांसा देकर गोल्ड बिस्कुट लेकर भागने वाला अरेस्ट
पत्नी अनिता ने पति को अवैध संबंधों में बाधक समझा
अनिता को उसका पति अपने अनैतिक संबंध में बाधक लगने लगा। इस कारण उसने अपने पति को रास्ते से हटाने की ठान ली। सोची-समझी साजिश के तहत गत 9 फरवरी की रात को अनिता ने अपने प्रेमी पुट्टागल्ला अंजय्या को घर बुलाया। पुट्टागल्ला अंजय्या अपने दोस्तों के साथ अनिता के घर गया और सभी ने मिलकर ब्यागरी अंजय्या की मारपीटकर हत्या कर दी और उसके हाथ-पैर रस्सी से बाँध दिए। इसके बाद उसी रात को अंजय्या के शव को एर्रा वेंकटय्या के भू-प्लॉट स्थित पानी से भरे गड्ढे में डाल दिया।
दूसरे दिन 10 फरवरी को अनिता ने अपने पति ब्यागरी अंजय्या के लापता होने का नाटक किया और रिश्तेदारों के साथ उसे तलाशा। इसके बाद 13 फरवरी को उसने माहेश्वरम पुलिस थाने में अपने पति के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामला दर्ज कर ब्यागरी अंजय्या की तलाश कर रही थी कि 26 फरवरी को अंजय्या का सड़ा-गला शव एर्रा वेंकटय्या के भू-प्लॉट स्थित पानी के गड्ढे से बरामद हुआ।
ब्यागरी अंजय्या के बहन और बहनोई ने ब्यागरी अंजय्या की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने संदेह के आधार पर अनिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसने पुलिस की सख्ती के आगे अपने पति की अपने प्रेमी पुट्टगल्ला अंजय्या और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या करने का अपराध स्वीकार लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



