हैदराबाद : पानी के सम्प में डूबने से शिशु की मौत
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र नारसिंगी थाना परिधि में दुर्घटनावश पानी के सम्प में डूबने से आठ माह के शिशु की मौत हो गयी। पुलिस इंस्पेक्टर हरिकृष्णा रेड्डी ने बताया कि मूलत महाराष्ट्र निवासी तेजस श्रीकांत जाधव अपनी पत्नी राधिका, माँ उषा व भाई शंकर से साथ कुछ माह पूर्व रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया था। वह अपने परिवार के साथ गंडीपेट ग्राम में रहते हुए मजदूरी कर रहा था।
बुधवार सुबह तेजस अपने भाई और माँ के साथ काम पर चला गया। इस दौरान घर पर पत्नी राधिका और आठ माह का पुत्र सौरभ जाधव अकेले थे। राधिका दोपहर के समय भोजन करने के बाद सो गयी और दोपहर 1.30 बजे उसकी नींद खुली तो उसे घर में सौरभ नजर नहीं आया। उसने सौरभ को घर के आस पास तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला।
इस दौरान उसे घर के सामने बने पानी के खुले संप में सौरभ नजर आया। राधिका सौरभ को संप से निकाल कर स्थानीय अस्पताल ले गयी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सौरभ दम तोड़ चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सौरभ के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया। सौरभ के शव का उस्मानिया अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम करने के बाद शव को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर तहकीकात कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



