हैदराबाद : अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, चारमीनार जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने अफजल गंज पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत छापा मारकर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 23 किलो सूखा गांजा, एक मोटरसाइकिल, 6 सेल फोन और 1 हजार रुपये की नकदी समेत कुल 16 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव ने बताया कि सूत्रों के प्राप्त जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस इंस्पेक्टर एस. सैदा बाबू ने अफजल गंज पुलिस के साथ मिलकर एजीबीएस के सामने स्थित रविंद्रा बॉर एंड रेस्टोरेंट के पास कल शाम छापा मार कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया। इस मामले में पुलिस ने गांजा तस्कर मल्कानगिरी ओडिशा निवासी व पेशे मजदूर किशोर टकरी (38), तस्करों के पास से गांजा खरीदने वाले अर्जुन दास नगर, धूलपेट निवासी व पेशे से ऑनलाइन डेलीवरी बॉय शंकर सिंह (32),मल्कानगिरी निवासी पनमटी टकरी (30), लक्ष्मी टकरी (30), बलराम खिलो (26) और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें… कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या
किशोर टकरी के खिलाफ मल्कानगिरी में दो गांजा तस्करी मामले दर्ज
जांच पड़ताल करने पर पता चला है कि किशोर टकरी पिछले दो वर्ष से मल्कानगिरी निवासी इंद्रा मादि और संजय के पास से तीन से चार हजार रुपये की दर से गांजा खरीद कर इसे धूलपेट निवासी शंकर सिंह को 7 हजार रुपये प्रति किलो की दर से बेच रहा था। शंकर सिंह खरीदा गया गांजा धूलपेट निवासी विनय सिंह को बेच रहा था। किशोर टकरी के खिलाफ मल्कानगिरी के मोटू पुलिस थाने में गांजा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। हाल ही में शंकर सिंह ने 23 किलो गांजा खरीदने के लिए किशोर टकरी को फोन पे के जरिए 1.4 लाख रुपये का भुगतान किया था।
पैसे मिलने के बाद किशोर गत 23 फरवरी को संजय और इंद्रा मादि से 23 किलो गांजा खरीदा और 24 फरवरी को अपने साथियों के साथ निजी ट्रैवेल बस से मल्कानगिरी से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। 25 फरवरी को एमजीबीएस के पास उतरने के बाद किशोर ने शंकर सिंह को फोन किया और अपने साथियों के साथ रविंद्रा बार एंड रंस्टोरेंट के पास शंकर सिह का इंतजार कर रहा था। शंकर सिंह गांजा लेने के लिए मोटरसाइकिल पर रविंद्रा बार एंड रेस्टारेंट पहुंचा। उसी समय पुलिस ने छापा मारकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार आरोपी विनय सिंह, गांजा सप्लायर इंद्रा मादि और संजय की तलाश की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


